दिल्ली में लश्कर आतंकी शब्बीर लोन गिरफ्तार, देशभर में फैले नेटवर्क का खुलासा

Authored By: News Corridors Desk | 31 Mar 2026, 05:20 PM
news-banner

दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि शब्बीर बांग्लादेश में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। सुरक्षा एजेंसियां पिछले करीब दो महीनों से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं और सही मौके का इंतजार कर रही थीं।

 पाकिस्तान और बांग्लादेश से चल रहा था नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा आतंकी नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा था। शब्बीर लोन दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु जैसे राज्यों में युवाओं की भर्ती कर आतंकी गतिविधियों को फैलाने की योजना बना रहा था। काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने 26 मार्च को गांदरबल, शोपियां और श्रीनगर में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में यह भी सामने आया कि यह नेटवर्क एक ट्रांजैक्शनल सिस्टम के जरिए ऑपरेट हो रहा था, जिसमें हैंडलर्स बांग्लादेश और पाकिस्तान से निर्देश दे रहे थे।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, शब्बीर लोन पहले भी साल 2007 में आतंकवाद के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। बाद में 2019 में जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश फरार हो गया था। इसके बाद से ही वह वहां बैठकर आतंकी नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने में जुटा हुआ था।

 दिल्ली मेट्रो में पोस्टर से हुआ खुलासा

इस पूरे आतंकी मॉड्यूल का खुलासा 7 फरवरी को दिल्ली में लगे देश विरोधी पोस्टरों से हुआ। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा के अनुसार, कश्मीरी गेट बस अड्डा और मेट्रो स्टेशन के पास “फ्री कश्मीर” जैसे पोस्टर लगाए गए थे। CISF के जवानों ने इन पोस्टरों को देखा और मेट्रो पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान दो आरोपियों के रूट का पता लगाया गया, जो पोस्टर लगाने के बाद कोलकाता भाग गए थे। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

 कई राज्यों में छापेमारी, 8 आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बांग्लादेश में बैठे शब्बीर लोन के निर्देश पर काम कर रहे थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कोलकाता और तमिलनाडु में छापेमारी कर एक बांग्लादेशी नागरिक समेत कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पास से 12 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु से गिरफ्तार 6 संदिग्ध शहरों की रेकी कर आतंकी गतिविधियों में मदद कर रहे थे। सभी आरोपियों को दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है।