हाइलाइट्स
• CJP संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में
• सेंट्रल दिल्ली में 6,000 से ज्यादा जवान तैनात
• सेंट्रल पार्क के अंदर 7 लेयर की सुरक्षा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार शाम हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले की गई। सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दिपके को प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया। उन्हें सेंट्रल पार्क जाते समय हिरासत में लिया गया।
CJP के सदस्य सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सेंट्रल पार्क के अलावा कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली के दूसरे प्रमुख इलाकों में भी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।
अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने दिए थे दो नोटिस
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अभिजीत दिपके के घर जाकर उन्हें दो नोटिस दिए थे। इनमें से एक नोटिस नई दिल्ली पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत जारी किया गया था। इसमें दिपके को सेंट्रल पार्क नहीं आने के लिए कहा गया था। नोटिस में यह भी बताया गया कि वहां BNS की धारा 163 लागू है।
दूसरा नोटिस साउथ वेस्ट दिल्ली पुलिस की तरफ से दिया गया था। इसमें बताया गया कि एयरपोर्ट से एहतियातन हिरासत में लेने के बाद अभिजीत दिपके, आशुतोष और सौरव को कोर्ट में पेश किया गया था। उन्हें बाउंड डाउन किया गया था और कोर्ट ने एक साल तक अशांति नहीं फैलाने को कहा था।
सेंट्रल दिल्ली में 6,000 से ज्यादा जवान तैनात
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क समेत पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इस क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 6,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। CAPF की 220 कंपनियां भी तैयार रखी गई हैं। वहीं, सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से ज्यादा नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
कनॉट प्लेस, राजीव चौक, सेंट्रल पार्क, जंतर-मंतर और पालिका बाजार सहित दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स मुस्तैद है। सेंट्रल पार्क के अंदर सात लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।
संसद मार्ग, ITO और कई जगहों पर बैरिकेडिंग
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने करीब 5 हजार पुलिसकर्मियों को रिजर्व रखा है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, ITO और संसद मार्ग समेत कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं।
CJP के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए NDMC ने सेंट्रल पार्क को आज और कल के लिए बंद कर दिया है। इस बीच, पुलिस ने कहा है कि अगर प्रदर्शनकारी चाहें तो उन्हें किसी दूसरी जगह पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।