हाइलाइट्स
• एयरटेल के पोस्टपेड प्लान अब 50 रुपये तक महंगे
• व्यक्तिगत पोस्टपेड प्लान की शुरुआत 499 रुपये से
• पांच सिम वाला फैमिली प्लान 1799 रुपये का हुआ
• हर सिम पर सालाना मुफ्त पांच दिन का रोमिंग पैक
Airtel Postpaid Plans: टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में 50 रुपये तक का इजाफा किया है। हालांकि, कीमत बढ़ाने के साथ कंपनी ने ग्राहकों को साल में एक बार मुफ्त रोमिंग पैक देने का भी ऐलान किया है।
499 रुपये से शुरू होंगे नए प्लान
अपडेटेड पोस्टपेड प्लान अब 499 रुपये से शुरू होंगे, जबकि इससे पहले व्यक्तिगत पोस्टपेड प्लान की शुरुआती कीमत 449 रुपये थी। इसी तरह फैमिली पोस्टपेड पैक की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। पांच सिम वाले फैमिली पैक की कीमत अब 1,799 रुपये हो गई है।
कंपनी के मुताबिक, सभी पोस्टपेड प्लान में अनलिमिटेड डेटा और कॉलिंग की सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा ग्राहकों को स्पैम प्रोटेक्शन और 5G एक्सेस जैसी सुविधाएं भी मिलती रहेंगी। ऊंची कीमत वाले प्लान में Netflix और Amazon Prime जैसे अतिरिक्त ओटीटी बेनिफिट भी शामिल हैं।
हर साल मिलेगा फ्री रोमिंग पैक
नए प्लान का प्रमुख आकर्षण सालाना मुफ्त रोमिंग पैक है। प्रत्येक सिम पर साल में एक बार पांच दिनों का रोमिंग पैक मुफ्त मिलेगा। इस पैक में 5GB डेटा और 60 मिनट की कॉलिंग की सुविधा होगी। कंपनी के अनुसार इस पैक की कीमत करीब 2,000 रुपये है।
मौजूदा ग्राहकों को भी जल्द ही संबंधित नए प्लान में शिफ्ट किया जाएगा। यानी पुराने प्लान इस्तेमाल कर रहे ग्राहकों पर भी नए टैरिफ का असर पड़ सकता है।
एयरटेल के इस ऐलान के बाद कंपनी के शेयर में करीब 2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं, ग्राहकों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है। यात्रा करने वाले यूजर्स ने मुफ्त रोमिंग सुविधा को उपयोगी बताया है, जबकि नियमित रूप से घर से बाहर यात्रा नहीं करने वाले कुछ ग्राहकों के लिए प्लान की कीमत बढ़ना अतिरिक्त खर्च माना जा रहा है।