अयोध्या में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की रैली में आकाश आनंद ने चुनावी माहौल के बीच पार्टी का एजेंडा सामने रखा। उन्होंने भाजपा, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। अपने भाषण में आकाश आनंद ने कहा कि इस बार वह गुस्से में बात नहीं करेंगे, बल्कि जनता के सामने हिसाब रखेंगे। रैली में उन्होंने कुछ विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान किया।
'आज गुस्से में नहीं, हिसाब पढ़ेंगे'
रैली को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि लोग उनके भाषणों में गुस्सा होने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि आज वह गुस्से में कुछ नहीं कहेंगे, बल्कि हिसाब पढ़ेंगे।
उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि भाषण सुनकर हंसी आए तो हंस सकते हैं। वहीं, अगर किसी के मन में गुस्सा है तो हिसाब बराबर करने के लिए हाथी के सामने वाला बटन दबाकर बहन जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का काम करें।
बाबा साहब के संविधान और मायावती के संघर्ष का किया जिक्र
आकाश आनंद ने अपने भाषण में बाबा साहब के संविधान और मायावती के राजनीतिक सफर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उनके समाज के लोगों को मंच के सामने कुर्सी पर बैठना तक मंजूर नहीं था।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान ने 'एक इंसान, एक वोट, एक कीमत' का अधिकार दिया। इसी अधिकार के भरोसे एक डाक कर्मचारी की बेटी ने बड़ा सपना देखा। उनके पीछे न कोई बड़ा घराना था और न ही कोई धन्ना सेठ।
आकाश आनंद ने बताया कि उस बेटी ने स्कूल में बच्चों को पढ़ाया और मान्यवर साहब श्री कांशी राम जी के बताए रास्ते पर आगे बढ़ीं। त्याग, तपस्या और कड़े संघर्ष के बाद वही बेटी देश के सबसे बड़े प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री बनीं।
बीकापुर से जितेंद्र सिंह बबलू को बनाया प्रत्याशी
रैली के दौरान आकाश आनंद ने बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। इसके साथ ही अंबेडकर नगर और सुल्तानपुर की कुछ विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया और मायावती को फिर से उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का दावा पेश किया। हालांकि, भाषण के दौरान उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का जिक्र नहीं किया।
पहली बार अयोध्या पहुंचे आकाश आनंद
यह पहली बार था जब आकाश आनंद अयोध्या पहुंचे थे। उनकी रैली में अयोध्या के अलावा सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर से भी बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली के दौरान बसपा कैडर और आम लोगों से बातचीत में कार्यकर्ताओं ने इस बार पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा भी किया।