- नोबेल समिति ने उनके रचनात्मक लेखन को सराहा
- कार्सन का जन्म 1950 में कनाडा के टोरंटो में हुआ
- कविता, अनुवाद और अध्यापन से जुड़ा रहा उनका करियर
- शब्दों की व्युत्पत्ति उनके साहित्यिक कार्यों का आधार रही
|
Anne Carson Nobel Prize 2026: कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन को वर्ष 2026 का नोबेल साहित्य पुरस्कार प्रदान किया गया है। नोबेल पुरस्कार की घोषणा में कहा गया कि कार्सन को “शास्त्रीय परंपरा के साथ चंचल संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़ने वाले उनके साहसिक और अभिनव साहित्यिक लेखन” के लिए यह सम्मान दिया गया है।
नोबेल पुरस्कार की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, पुरस्कार की घोषणा के समय ऐन कार्सन आइसलैंड के रेक्याविक स्थित अपने घर की रसोई में थीं और फर्श साफ कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें फोन पर नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी मिली।
पुरस्कार की घोषणा के कुछ ही समय बाद हुई बातचीत में कार्सन ने उभरते लेखकों को सलाह भी दी। उन्होंने यह भी बताया कि वह पुरस्कार की राशि को किस तरह इस्तेमाल करेंगी, इसकी योजना बनाना शुरू कर चुकी हैं।
कविता, अनुवाद और अध्यापन से जुड़ा रहा करियर
ऐन कार्सन का जन्म 1950 में कनाडा के टोरंटो में हुआ था। उन्होंने 1981 में क्लासिक्स विषय में ‘Odi et Amo Ergo Sum’ शीर्षक से अपनी डॉक्टरेट थीसिस प्रकाशित की। अपने पूरे साहित्यिक करियर में उन्होंने कविता लेखन के साथ अनुवाद और विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्यापन का काम भी किया।
नोबेल समिति के अनुसार, कार्सन की साहित्यिक रचनाओं का बड़ा हिस्सा शब्दों के प्रति भाषाविद् की गहरी रुचि और कवि की नए अर्थ तलाशने की इच्छा के मेल पर केंद्रित रहा है। कार्सन ने स्वयं शब्दों की व्युत्पत्ति को अपने रचनात्मक कार्य का शुरुआती बिंदु बताया है।
उनकी रचनाओं में शास्त्रीय साहित्य और आधुनिक साहित्यिक प्रयोगों का मेल दिखाई देता है। इसी विशिष्ट शैली और नए साहित्यिक रूपों के प्रयोग के लिए उन्हें 2026 के साहित्य नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है।