BJP को झटका, प्रशांत किशोर जीते

BJP को झटका, प्रशांत किशोर जीते

तीन राज्यों की विधानसभा उपचुनावों के नतीजों में बीजेपी को बिहार और मध्य प्रदेश में हार का सामना करना पड़ा है जबकि गुजरात में उसका उम्मीदवार विजयी रहा।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनसुराज पार्टी के प्रशान्त किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोट से पराजित किया। किशोर को 64151 वोट मिले जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट हासिल हुए। राष्ट्रीय जनता दल की रेखा कुमारी 14273 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं।इस सीट पर चुनाव लड़ रहे अन्य 22 प्रत्याशियों की ज़मानत भी नहीं बची।

बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा में जाने के बाद खाली हुई थी और इस सीट को बीजेपी की परम्परागत सीट माना जाता था। इस सीट पर बीजेपी की हार उसके लिए झटका है।

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर काँग्रेस के घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को छह हज़ार से ज्यादा वोटों से पराजित कर दिया। घनश्याम सिंह को 66757 वोट मिले जो तिवारी से  6016 ज्यादा थे। बीजेपी उम्मीदवार को 60741 वोट मिले।

दतिया सीट मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की नाराजगी को लेकर चर्चा में थी। इस सीट पर आज़ाद समाज पार्टी के दामोदर यादव मंडल 22527 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। दतिया में कुल 21 उम्मीदवार क़िस्मत आजमा रहे थे लेकिन तीन को छोड़कर बाकी सभी की ज़मानत जब्त हो गई।

गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के सत्येन्द्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल ने जीत ली है। बीजेपी उन्मीदवार को 55481 वोट मिले जो उनके प्रतिद्वन्द्वी काँग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी से 30630 वोट ज्यादा हैं। रबारी को 24851 वोट मिले जबकि 2247 वोट नोटा को पड़े।

विधानसभा की तीन सीटों के उपचुनाव की गणना सोमवार को सुबह शुरू हुई। बिहार के बांकीपुर, गुजरात के मंजलपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान पिछले महीने की 30 तारीख को हुआ था।

पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में दर्ज वोटों की गिनती शुरू हुई। चुनाव आयोग ने तीनों राज्यों में सुचारू मतगणना सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।

अंतिम आधिकारिक परिणाम नीचे दिये निर्वाचन आयोग के लिंक पर देख सकते हैं।

https://results.eci.gov.in/ResultAcByeAugust2026/index.htm