आजमगढ़ में विकास यादव के 10 बार वोटर बनने की जांच

आजमगढ़ में विकास यादव के 10 बार वोटर बनने की जांच
  • आजमगढ़ में विकास यादव के नाम पर 10 बार वोट दर्ज होने का दावा।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जांच की पुष्टि की।
  • जिला निर्वाचन अधिकारी आजमगढ़ को मामले की जांच सौंपी गई।
  • अखिलेश यादव से विकास का नाम कई बार दर्ज होने का किया दावा।

Duplicate Voters Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में विकास यादव नाम के एक युवक का नाम मतदाता सूची में 10 बार दर्ज होने के मामले की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी आजमगढ़ मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

यह मामला समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद चर्चा में आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसे वाजिब सवाल बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल नहीं करता, लेकिन समय-समय पर मतदाता सूची से डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटाने का काम जरूर करता है।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी वस्तुस्थिति

मुख्य निर्वाचन अधिकारी  के मुताबिक, आजमगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास यादव नामक युवक के 10 बार मतदाता बनने के मामले की जांच जिला निर्वाचन अधिकारी आजमगढ़ द्वारा की जा रही है।

CEO ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद इस संबंध में वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट वोटर दर्ज न हों, इसके लिए काम किया जा रहा है।

अखिलेश के सवाल के बाद मामला चर्चा में

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में विकास यादव का नाम मतदाता सूची में कई बार दर्ज होने को लेकर सवाल उठाए थे।

शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से कहा कि एक वोटर लिस्ट का एक ही रिवीजन करें, रिवीजन के ऊपर  रिवीजन  न करें। यह तय होना चाहिए कि एसएसआर के बाद अब मतदाता सूची का कोई  रिवीजन नहीं हो। जब एसएसआर का फैसला ले लिया है तो अब वही आखिरी होना चाहिए। समाजवादी पार्टी डबल रिवीजन के पक्ष में नहीं है।

मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी वोट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में डबल और ट्रिपल वोट का मामला उठाया। आजमगढ़ के एक नौजवान का दस वोट बन गया है। इसी तरह से मतदाता सूची में कई लोगों के दो-दो, तीन-तीन और चार-चार वोट बने हैं। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में आजमगढ़ के विकास यादव का परिचय कराते हुए कहा कि सीधे-साधे नौजवान का दस वोट बना दिया। इसने सिर्फ एक वोट बनवाया लेकिन इसका कई जगह वोट बना दिया गया। एक वोट इसका पड़ेगा और 9 वोट भाजपा डालेगी।