- बीसीसीआई ने रमेश पोवार को पुरुष चयन समिति में सदस्य नियुक्त किया।
- प्रज्ञान ओझा वरिष्ठता के आधार पर समिति के अध्यक्ष होंगे।
- पोवार भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे खेल चुके हैं।
- अजित अगरकर के कार्यकाल में भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतीं।
|
Ramesh Powar, BCCI Men's Selector: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच रमेश पोवार को पुरुष चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया है। बीसीसीआई की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, क्रिकेट सलाहकार समिति CAC ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफारिश की। समिति में सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलने के आधार पर प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बीसीसीआई के मुख्यालय में क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन समिति में सदस्य की नियुक्ति के लिए आवेदकों की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद रमेश पोवार के नाम की सिफारिश की गई।
भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे खेल चुके हैं पोवार
रमेश पोवार भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने दो टेस्ट और 31 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
पोवार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ भी कोच के रूप में काम किया है। वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था। इसके साथ ही भारतीय महिला टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी हासिल किया था।
अगरकर के योगदान की बीसीसीआई ने की सराहना
बीसीसीआई ने पुरुष चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष अजित अगरकर के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान की सराहना की है। बोर्ड ने कहा कि जुलाई 2023 में नियुक्ति के बाद अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया।
बीसीसीआई के अनुसार, इस अवधि में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी और दो एशिया कप खिताब जीते। इसके अलावा भारत ने लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किए।
यह होगी पुरुष चयन समिति
बीसीसीआई की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पुरुष चयन समिति में प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष, जबकि शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार सदस्य होंगे। समिति भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के चयन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेगी।