पीके का बिना वक्त गंवाए फील्ड में उतरने का फैसला

पीके का बिना वक्त गंवाए फील्ड में उतरने का फैसला

बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ज़मीन पर पकड़ मज़बूत करने का रोडमैप तैयार कर लिया है।

जन सुराज पार्टी की तरफ़ से बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया जिसमें प्रशांत किशोर के बांकीपुर में जनता से सीधे संपर्क करने के आठ दिन के कार्यक्रम का ब्यौरा दिया गया है।

इलेक्शन के माइक्रो मैनेजमेंट के माहिर प्रशांत किशोर ने जो योजना बनाई है उसमें वह 11 अगस्त 2026 से बांकीपुर के आठ वार्डों में उतरेंगे और सीधे जनता से मिलेंगे।

पार्टी ने कहा कि जन सुराज नेता ‘वार्डों में आप सभी से सीधा संवाद करेंगे तथा क्षेत्र के विकास एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करेंगे।’

चुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने कहा था कि उनके विधानसभा उपचुनाव जीतने से बांकीपुर बंगलोर नहीं बन जायेगा लेकिन कुछ समय में बदलाव होगा और वह दिखाई भी देगा जिसके लिए योजना तैयार की जाएगी।

इस कार्यक्रम विवरण के साथ एक बार फिर क्षेत्र की जनता का आभार जताया है। लेकिन जिस तरह से प्रशांत किशोर ने टॉस जीतने के साथ बैटिंग शुरू की है उससे तो यही लगता है कि वह अपनी राजनीतिक ज़मीन तैयार करने में कोई वक्त गंवाना नहीं चाहते।