बिहार के वैशाली में नाव हादसे के पीड़ितों से मिले चिराक, दुर्घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री दुखी

बिहार के वैशाली में नाव हादसे के पीड़ितों से मिले चिराक, दुर्घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री दुखी
  • वैशाली के राघोपुर दियारा में नाव पलटने से कई लोगों की मौत
  • प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये
  • हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता
  • चिराग पासवान ने राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली
  • तेजस्वी यादव ने हादसे पर जताया गहरा दुख

Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर दियारा में नाव पलटने की घटना में बच्चों समेत कई लोगों की मौत से शोक की लहर है। हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दुख जताया है।

प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है। जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना।

राष्ट्रपति ने घटना में बच्चों की मौत को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये

प्रधानमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई मौतें बेहद पीड़ादायक हैं। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट के अनुसार, स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

चिराग पासवान ने राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे पर दुख जताया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों का हाल जाना। उन्होंने हादसे को हृदयविदारक घटना बताते हुए कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।

चिराग पासवान के मुताबिक, घायलों को बेहतर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली गई है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से पीड़ितों को अधिकतम सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई है।

तेजस्वी यादव ने भी जताया दुख

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस हृदयविदारक हादसे से वह मर्माहत हैं।

तेजस्वी यादव ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राहत एवं बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रशासन और बचाव दलों के प्रयास जारी होने की जानकारी दी गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना में प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।