क्या आप भी पीते हैं Bisleri का पानी? लैब टेस्ट में फेल, कैंसर वाले खतरनाक तत्व शाामिल!

क्या आप भी पीते हैं Bisleri का पानी? लैब टेस्ट में फेल, कैंसर वाले खतरनाक तत्व शाामिल!
हाइलाइट्स
• बिसलेरी के गोवा प्लांट का पानी जांच में असुरक्षित
• ब्रोमेट और PAHs की मौजूदगी आई सामने
• FSSAI ने कंपनी पर मुकदमे को दी मंजूरी, बिसलेरी ने रखा अपना पक्ष

देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के बड़े ब्रांड बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। कंपनी की गोवा स्थित निर्माण इकाई से लिए गए पानी के नमूने को प्रयोगशाला जांच में 'असुरक्षित' पाया गया था। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, बिसलेरी ने इन निष्कर्षों पर अपना पक्ष रखते हुए दावा किया है कि उसकी स्वतंत्र प्रयोगशाला जांच में पानी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया।

इस मामले में एक अहम बात यह है कि नियामक की कार्रवाई पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूने से जुड़ी है, न कि मिनरल वॉटर के किसी विशिष्ट वेरिएंट से। FSSAI ने यह भी नहीं बताया है कि कंपनी का कौन सा पैकेज्ड वेरिएंट जांच में असुरक्षित मिला था।

पानी के सैंपल में क्या मिला, जिसके बाद हुई कार्रवाई?

FSSAI की रिपोर्ट के मुताबिक, गोवा फैसिलिटी से लिए गए शुरुआती नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक दर्ज की गई थी। पानी में ब्रोमेट की निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है, जबकि जांच में इसका स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया।

ब्रोमेट को लेकर चिंता इसलिए भी है क्योंकि इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) और अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (US EPA) इसे संभावित मानव कैंसरकारी तत्व के रूप में वर्गीकृत करती हैं।

कंपनी ने शुरुआती जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद नमूने को आगे की जांच के लिए रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में पॉली-न्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद रेफरल प्रयोगशाला ने भी नमूने को 'असुरक्षित' घोषित किया।

बिसलेरी ने आरोपों पर क्या जवाब दिया?

FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी का कहना है कि पेयजल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह गुणवत्ता नियंत्रण के कड़े नियमों का पालन करती है।

बिसलेरी के अनुसार, गोवा फैसिलिटी से पिछले साल लिए गए नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज हुआ था, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। हालांकि, कंपनी ने दावा किया कि उसकी ओर से कराई गई स्वतंत्र प्रयोगशाला जांचों में ब्रोमेट की मात्रा स्वीकार्य सीमा के भीतर पाई गई।

कंपनी ने यह भी कहा है कि वह उचित विनियामक प्रक्रिया के तहत मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी।

क्या मुकदमे की मंजूरी का मतलब कंपनी दोषी साबित हो गई?

FSSAI की ओर से मुकदमा चलाने की मंजूरी मिलने का अर्थ यह है कि अब कंपनी के खिलाफ अदालत में कानूनी कार्यवाही का रास्ता खुल गया है। लेकिन इसे कंपनी की दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के दौरान ही इसका फैसला होगा।

पैकेज्ड वॉटर उद्योग पर भी बढ़ी निगरानी

बिसलेरी का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनियों पर नियामक निगरानी बढ़ाई जा रही है। इससे पहले जुलाई 2025 में हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण एक डिस्ट्रीब्यूटर से 120 सीलबंद बोतलें जब्त की थीं। इसके साथ ही बाजार से 250 बोतलें वापस मंगवाई गई थीं।

FSSAI ने अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। वसंत मसाला, टिट-बिट फूड्स इंडिया, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।

वहीं, नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए। आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट-फिल्ड कुकीज को बाजार से वापस मंगाने का आदेश भी जारी किया गया।

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नियमों में क्या बदलाव हुए?

पैकेज्ड पेयजल और मिनरल वॉटर के लिए नियामक व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। अक्तूबर 2024 में FSSAI ने इन उत्पादों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अनिवार्य प्रमाणीकरण की शर्त खत्म कर दी थी। इसके बाद जोर सुरक्षा परीक्षण व्यवस्था पर दिया गया।

इसके अगले चरण में 1 जनवरी 2026 से निर्माताओं के लिए अनिवार्य परीक्षण योजना लागू की गई। इसके तहत कंपनियों को हर बैच का रिकॉर्ड रखना और जांच में किसी तरह की विफलता सामने आने पर सुधारात्मक कदम उठाना जरूरी है।

ऐसे में बिसलेरी के गोवा प्लांट से जुड़े इस मामले पर अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई होगी। कंपनी ने अपनी ओर से सुरक्षा मानकों के पालन का दावा किया है, जबकि नियामक की प्रयोगशाला जांच में नमूने को असुरक्षित बताया गया है।