किम कार्दशियन और जेन्स ग्रेडे द्वारा शुरू किया गया ग्लोबल ब्रांड SKIMS, दिल्ली और मुंबई में अपने पहले स्टोर के साथ भारत में कदम रख रहा है।
इसके लिए रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड RBL और SKIMS ने बुधवार 5 अगस्त 2026 को एक खास पार्टनरशिप की घोषणा की।
RBL की तरफ़ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस समझौते के तहत, RBL देश में फिजिकल और डिजिटल चैनलों के ज़रिए ब्रांड का कामकाज संभालेगी और दिल्ली व मुंबई से शुरुआत करते हुए भारत में SKIMS के पहले स्टोर खोलेगी।
यह घोषणा दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते लक्ज़री और प्रीमियम कंज्यूमर मार्केट में SKIMS की एंट्री का संकेत है। साथ ही, लंदन और दुबई में हाल ही में स्टोर खोलने के बाद यह ब्रांड के ग्लोबल रिटेल विस्तार को भी आगे बढ़ाती है; इसके बाद हांगकांग और सियोल में भी स्टोर खोले जाएंगे।
2019 में मीडिया पर्सनालिटी और बिज़नेस वूमन किम कार्दशियन और जेन्स ग्रेडे ने SKIMS की नींव रखी थी जो महिलाओं के अंडरवियर, शेपवियर और लाउंजवियर कैटेगरी को नए सिरे से परिभाषित कर रहा है।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की डायरेक्टर, ईशा अंबानी ने कहा
SKIMS ने शेप, आराम और सभी को साथ लेकर चलने (इनक्लूसिविटी) के बारे में दुनिया की सोच बदल दी है। यह सीधे तौर पर भारतीय कंज्यूमर्स की उस नई पीढ़ी से जुड़ता है जो ऐसा फ़ैशन चाहती है जो खास हो और उनके लिए ही बना हो। हमें SKIMS को भारत में लाने और इसे यहां लंबे समय तक आगे बढ़ाने पर गर्व है।
SKIMS की को-फ़ाउंडर और चीफ़ क्रिएटिव ऑफ़िसर, किम कार्दशियन ने कहा
हमने SKIMS को इस सोच के साथ बनाया है कि हर कोई जो भी पहने, उसमें उसे आराम और आत्मविश्वास महसूस होना चाहिए। भारत में हमारी कम्युनिटी से जो उत्साह देखने को मिला है, वह वाकई ज़बरदस्त है और हम पहली बार अपने स्टोर्स में उनका स्वागत करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।