Captain Smit Machchhar: अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छर से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस, कहा- हमें गर्व है

Captain Smit Machchhar: अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छर से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस, कहा- हमें गर्व है

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की हालत में सुधार हो रहा है। फिलहाल अबूधाबी के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि स्मित मच्छर अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

इसी बीच दुबई के क्राउन प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल पहुंचकर स्मित मच्छर से मुलाकात की। उन्होंने पायलट का हाल जाना और उनके साहस की सराहना की।

क्राउन प्रिंस ने की स्मित के साहस की सराहना

मुलाकात के बाद शेख हमदान ने सोशल मीडिया पर स्मित मच्छर की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता की सर्वोच्च मिसाल पेश की है।

क्राउन प्रिंस ने कहा कि यूएई के नेतृत्व की ओर से स्मित मच्छर को पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित उनकी टीम, उनके देश की कहानी और यूएई के मूल्यों का हिस्सा हैं।

मुलाकात के दौरान शेख हमदान ने स्मित से बातचीत की और उन्हें गले भी लगाया। उन्होंने यूएई को करुणा, शांति और जीवन की रक्षा करने वाला देश बताया।

कॉकपिट में सह-पायलट ने किया था हमला

यह घटना बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई थी। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें कुल 174 यात्री सवार थे।

उड़ान के दौरान ओमान के नागरिक सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी के मुताबिक, सह-पायलट ने कॉकपिट में रखी क्रैश ऐक्स से स्मित पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की।

हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचने का मौका मिला। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने मिलकर हमलावर सह-पायलट को काबू किया।

34 हजार फीट से तेजी से नीचे आया विमान

घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था। आपात स्थिति के बीच विमान तेजी से नीचे उतरने लगा और कुछ ही समय में 17 हजार फीट से अधिक नीचे आ गया। विमान से आपातकालीन संकेत भेजे गए।

इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद स्मित मच्छर को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और शुरुआती इलाज तबूक में हुआ।

इसके बाद बेहतर और आगे के इलाज के लिए उन्हें अबूधाबी स्थानांतरित किया गया। भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि कैप्टन स्मित अब अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। दूतावास ने उनके इलाज में सहयोग के लिए यूएई सरकार का धन्यवाद भी किया और कहा कि वह स्मित के परिवार तथा स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

पीएम मोदी से फोन पर हुई बातचीत

घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कैप्टन स्मित मच्छर से फोन पर बातचीत की। स्मित ने उन्हें बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह कॉकपिट का नियंत्रण वापस लेने और विमान में मौजूद लोगों की जान बचाने के लिए संघर्ष करते रहे।

स्मित ने प्रधानमंत्री से कहा, 'मैं अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहा था, लेकिन मेरा संकल्प था कि मैं दूसरों को मरने नहीं दूंगा'।

प्रधानमंत्री मोदी ने उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान स्मित ने यह भी बताया कि मुश्किल हालात में उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना आदर्श बताया और कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें उनसे बात करने का मौका मिलेगा।

नेतन्याहू ने बताया ‘सच्चा हीरो’

स्मित मच्छर की भूमिका की इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सराहना की। उन्होंने भारतीय पायलट को “सच्चा हीरो” बताते हुए कहा कि उनकी कार्रवाई ने संभावित बड़ी त्रासदी को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घटना के बाद भारत के अलावा यूएई और अन्य देशों से भी स्मित के साहस की प्रशंसा हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारतीय पायलट के साहस की सराहना की है।

सह-पायलट के खिलाफ जांच जारी

घटना की जांच संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व में जारी है। यूएई के अटॉर्नी जनरल ने कहा है कि सह-पायलट ने विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश करते हुए 'आतंकवादी कृत्य' करने का प्रयास किया था।

हालांकि, घटना के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था, इसकी जांच अभी जारी है। हमला करने वाले सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हम्माम अल-हमामी के रूप में हुई है।

कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ओमान में उसे पहले उड़ान भरने से रोका गया था और उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंताएं थीं। हालांकि, उसके पुराने रिकॉर्ड और फ्लायदुबई में उसकी नियुक्ति से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी चल रही है।

यूएई की जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सह-पायलट ने अचानक हमला क्यों किया, उसका मकसद क्या था और क्या इस घटना का किसी आतंकी गतिविधि से संबंध था। जांच पूरी होने तक घटना के पीछे की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

इस बीच, अबूधाबी के अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छर का इलाज जारी है और भारतीय दूतावास के मुताबिक उनकी हालत में सुधार हो रहा है।