Captain Smit Machchhar: कैप्टन स्मित की बहादुरी पर PM मोदी ने की तारीफ, बोले- ‘9/11 जैसी त्रासदी टली’

Captain Smit Machchhar: कैप्टन स्मित की बहादुरी पर PM मोदी ने की तारीफ, बोले- ‘9/11 जैसी त्रासदी टली’
Highlights
• फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मछार की PM मोदी ने की तारीफ
• पीएम मोदी बोले- स्मित ने अद्भुत धैर्य और साहस दिखाया
• सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी टालने की बात
• पीएम मोदी ने स्मित के परिवार से भी की बात
• इजरायल के PM नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित को किया सलाम

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना के दौरान साहस दिखाने वाले कैप्टन स्मित मछार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कैप्टन स्मित ने बेहद कठिन परिस्थिति में धैर्य, सूझ-बूझ और साहस का परिचय दिया। उनके मुताबिक, इस बहादुरी से सैकड़ों यात्रियों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीएससी के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कैप्टन स्मित की बहादुरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "कल हुई घटना में भारत के कैप्टन स्मित ने अद्भुत धैर्य, सूझ-बूझ और साहस का परिचय दिया। सचमुच, जैसा कि आज इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा की एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी को होने से रोक दिया।"

PM मोदी ने स्मित के परिवार से भी की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके परिवार से बातचीत की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्मित के पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से बात की है।

पीएम मोदी ने कहा, "स्मित की इस उपलब्धि पर हमें गर्व है। आज मैंने उनके पिता भूपेंद्र, उनकी मां गीता और उनकी पत्नी सोनल से भी बात की। अभी उनका इलाज चल रहा है। आज पूरी दुनिया को उन पर गर्व है। मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि वे स्मित की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें और स्मित को सलाम करें, जिन्होंने भारत का मान बढ़ाया है।"

इससे पहले भी PM मोदी ने की थी तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को लेकर पोस्ट साझा की थी।

पीएम मोदी ने लिखा, 'कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया।'

उन्होंने आगे लिखा, 'उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है। हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।'

नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित को किया सलाम

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा, "हमले का शिकार हुए पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने घायल होने के बावजूद जवाबी कार्रवाई की और 9/11 जैसी बड़ी तबाही होने से बचा लिया।"

नेतन्याहू ने X पर एक पोस्ट में कहा, "भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए मेरा सलाम।"