- जयशंकर ने मोदी की विदेश नीति को सराहा, कांग्रेस पर साधा निशाना
- प्रहलाद जोशी ने कार्यक्रम के घटनाक्रम को बताया शर्मनाक
- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव धामी ने मांगी माफी की माँग की
Chatro ki Goonj: राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणियों पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री की विदेश नीति और उनकी मां के संदर्भ में कथित तौर पर उनका मजाक उड़ाया। कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया के एक यूजर ने लिखा कि प्रधानमंत्री की नकल उतारने से सरकार नहीं घिरेगी, बल्कि जनता के वास्तविक सवाल उठाने से सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जा सकता है। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
ज़िम्मेदार व्यवहार करे काँग्रेस- जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति ने भारत की वैश्विक स्थिति को नया आयाम दिया है। उन्होंने जी-20 की अध्यक्षता, द्विपक्षीय समझौतों और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ी भूमिका का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर विदेश नीति के मुद्दे को राजनीतिक विरोध का माध्यम बनाने का आरोप लगाया। जयशंकर ने कहा कि विपक्ष को राष्ट्रीय हित से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।
मां को लेकर टिप्पणी शर्मनाक- प्रहलाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की दिवंगत मां को लेकर की गई टिप्पणी को शर्मनाक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों और विचारों तक सीमित रहना चाहिए तथा किसी के माता-पिता को निशाना बनाना भारतीय राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है। जोशी ने राहुल गांधी पर नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा बनाए रखने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।
राहुल का रवैया गैरजिम्मेदाराना- मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के रवैये को गैर जिम्मेदाराना और अशोभनीय बताते हुए मां के सम्मान से जोड़कर इसकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मां के सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया है और इस तरह उनका मजाक उड़ाना देश की मातृशक्ति का अपमान है। यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस से देश की माताओं से माफी मांगने की मांग की।