हाइलाइट्स :
• बर्लिन में 2026 इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में वेलिंक का अनावरण
• एंबॉडीड AI से ट्रेन खुद स्थिति समझकर निर्णय ले सकेगी
• वजन 18 प्रतिशत घटा, ऊर्जा खपत में 10 प्रतिशत से अधिक बचत
China Digital Metro With AI: चीन ने एंबॉडीड इंटेलिजेंस से लैस अपनी पहली डिजिटल मेट्रो ट्रेन वेलिंक VELLINK को जर्मनी के बर्लिन में आयोजित 2026 इंटरनेशनल ट्रेड फेयर फॉर ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी में पेश किया।
पीपुल्स डेली के अनुसार, मंगलवार 22 सितंबर 2026 को शुरू हुए इस अंतरराष्ट्रीय परिवहन प्रौद्योगिकी मेले में प्रदर्शित ट्रेन में एंबॉडीड एआई, व्यापक सेंसर नेटवर्क, स्वदेशी एआई एल्गोरिदम और हाई-स्पीड कम्युनिकेशन तकनीक को एकीकृत किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन तकनीकों की मदद से वेलिंक अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने, निर्णय लेने और उसके अनुरूप प्रतिक्रिया करने में सक्षम है। यानी ट्रेन केवल दिए गए निर्देशों का पालन करने के बजाय परिचालन को सक्रिय रूप से अनुकूलित कर सकती है। इसे मेट्रो परिवहन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण तकनीकी विकास के तौर पर पेश किया गया है।
ट्रेन में हल्के पदार्थों और ऊर्जा-कुशल प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया है। इससे इसके कुल वजन में करीब 18 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, इसकी समग्र ऊर्जा खपत में 10 प्रतिशत से अधिक की बचत का दावा किया गया है। इसके अलावा पूरे जीवन-चक्र के दौरान कार्बन उत्सर्जन में करीब 15 प्रतिशत कमी आने की बात कही गई है।
वेलिंक का प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों में एआई, स्वचालन और ऊर्जा दक्षता को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस ट्रेन में सेंसर, संचार और एआई आधारित प्रणालियों के संयोजन से परिचालन को अधिक स्मार्ट और ऊर्जा-कुशल बनाने का प्रयास किया गया है।