फिल्म स्टारों को भी छात्रों की चिंता

फिल्म स्टारों को भी छात्रों की चिंता

दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के चल रहे धरने को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच फिल्म जगत के सेलेब्रिटीज़ ने युवाओं को अपना नैतिक समर्थन दिया है और सरकार से उनके मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।

जंतर मंतर पर पहुंचकर कई सिने सेलेब्रिटीज़ ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है और जेन जी को देखा है। ऐसे लोगों में प्रकाश राज. नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी जैसी शख़्सियत शामिल हैं। अभिनेत्री हुमा कुरैशी भी छात्रों और युवाओं को नैतिक समर्थन देने पहुंची।

सलमान खान

लेकिन सिनेमा जगत के कई ऐसे सेलिब्रिटी हैं जो अपने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए छात्रों और युवाओं का समर्थन कर रहे हैं। मेगा स्टार सलमान खान Salman Khan ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है। मुझे यह देखकर खुशी है कि हमारे देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है।’

सलमान खान ने कहा, ‘यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है; इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इसका श्रेय केवल हमारे देश के छात्रों को ही मिलना चाहिए। मुझे यकीन है कि सरकार भी उन्हें पूरा समर्थन देगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।’

कमल हासन

फिल्म अभिनेता कमल हासन Kamal Hasan ने तो यहां तक कहा, ‘जब एक बच्चा रोया था, तभी हमें उसकी बात सुन लेनी चाहिए थी।इसके बजाय, हमने तब तक इंतज़ार किया जब तक हमारे बहुत सारे बच्चे मर नहीं गए।’

कमल हासन ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा, ‘कोई देश तब नाकाम हो जाता है जब उसके बच्चों को जवाबों के बजाय बैरिकेड्स और लाठियों का सामना करना पड़ता है।’ देश के बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप हममें सबसे बेहतर हैं। आपने अपना फ़र्ज़ निभाया है। अब देश की बारी है कि वह आपके प्रति अपना फ़र्ज़ निभाए। आपके सपने हमेशा हमारी नाकामियों से बड़े हों।

पूजा भट्ट

छात्रों के संसद मार्च के बाद देश के अलग अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुए। मुंबई में हुए प्रदर्शन को लेकर अभिनेत्री पूजा भट्ट Pooja Bhatt ने लिखा, ‘मुंबई के छात्रों के प्रति प्रशासन की संवेदनहीनता से बहुत दुख हुआ है। शांतिपूर्ण विरोध का जवाब बातचीत से दिया जाना चाहिए, न कि हिरासत में लेकर।’

प्रीती जिंटा

अभिनेत्री प्रीति जिंटा Priety Zinta ने कहा, ‘अपने स्टूडेंट्स का साथ देना और ऐसे एजुकेशनल सुधारों की मांग करना ज़रूरी है जिनसे हमारे युवाओं के भविष्य पर अच्छा असर पड़े, लेकिन यह भी बहुत ज़रूरी है कि स्टूडेंट्स के शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन को देश-विरोधी तत्व हाईजैक न करें और न ही उससे अफ़रा-तफ़री फैलाकर विरोध का स्वरूप बदलें।’

जाह्नवी कपूर

अभिनेत्री जाह्नवी कपूर Janhavi Kapoor छात्रों के मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अपने विचार रख रही हैं। उन्होंने अपनी एक पोस्ट में कहा, ’जब लाखों छात्र प्रभावित होते हैं, तो जवाबदेही मायने रखती है। छात्रों को हमेशा पहली प्राथमिकता दी जानी चाहिए।’

अपनी एक दूसरी पोस्ट में जाह्नवी कपूर ने कहा, ‘हमारे देश का भविष्य उसके युवाओं के सपनों में निहित है। करुणा, संवाद और आपसी सम्मान हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।’ उन्होंने कहा कि सुनना समझने की दिशा में पहला कदम है। हर युवा आवाज़ सम्मान और सहानुभूति की हकदार है।

अनुपम खेर

कई पुरस्कारों से सम्मानित अभिनेता अनुपम खेर Anupam Kher ने कहा, ‘छात्र किसी भी देश की सबसे बड़ी उम्मीद होते हैं। उनकी आवाज़ को सुना जाना चाहिए, समझा जाना चाहिए और उसका सम्मान होना चाहिए।

मेरी केवल एक प्रार्थना है—अपनी लड़ाई, अपना मुद्दा और अपनी सोच किसी और के हाथों का औज़ार मत बनने दीजिए।यह संदेश किसी के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के भविष्य के पक्ष में है।’

रुपाली गांगुली

अनुपमा फ़ेम अभिनेत्री रुपाली गांगुली Rupali Ganguly ने इस मुद्दे पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘पेपर लीक के मामले में न्याय की मांग सही है। छात्र एक निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, जवाबदेही और मज़बूत सुरक्षा उपायों के हकदार हैं ताकि ऐसी घटनाएं (हिंसा) दोबारा न हों। हाल के पेपर लीक मामलों में, सरकारों और जांच एजेंसियों ने जांच शुरू की है, संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। साथ ही, परीक्षा प्रक्रिया को मज़बूत करने और भविष्य में लीक को रोकने के प्रयास भी घोषित किए गए हैं।’

रितेश देशमुख

अभिनेता और निर्माता रितेश देशमुख Riteish Deshmukh ने कहा, ‘हम अपने देश के युवाओं के साथ एकजुटता से खड़े हैं।उनकी आवाज़ सुनी जानी चाहिए — ज़ोरदार, साफ़ और बिना किसी डर के। वे हमारे लोकतंत्र की धड़कन और हमारे देश के भविष्य के असली निर्माता हैं। आइए, हम उनकी बात सुनें, उनका समर्थन करें और उन्हें सशक्त बनाएं। हमारे युवाओं की ऊर्जा, साहस और सपने ही उस भारत को आकार देंगे जिसे हम बनाना चाहते हैं।’

नसीरुद्दीन शाह

फिल्म अभिनेता नसीरूद्दीन शाह Naseeruddin Shah ने तो जंतर मंतर पहुंचे भी थे। उसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर छात्रों और युवाओं की माँग को जायज़ ठहराया था। छात्रों के संसद मार्च कार्यक्रम के दौरान हुए लाठीचार्ज और बल प्रयोग पर उन्होंने अपने वीडियो में कहा, इस वक्त मेरा दिल भरा हुआ है, मैं ये देखकर गुस्से से खौल गया हूं कि हमारे बच्चों के साथ किस तरह जुल्म से भरा बर्ताव किया जा रहा है। मैं इन सब बच्चों से कहना चाहता हूं कि हिम्मत हारें। बहुत से लोगों की हमदर्दी आपके साथ है। मुझे इस मुल्क की युवा पीढ़ी से हमेशा उम्मीद रही है, अब वो उम्मीद उजागर हो गई है। मैं हुकुमत से कहना चाहता हूं कि सब याद रखा जाएगा।