- पुलिस के सख्त पहरों और घेराबंदी से नहीं कर पाए प्रदर्शन
- ममता बनर्जी, केजरीवाल सहित तीन पूर्व सीएम हिरासत के बाद छूटे
- सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके फ्लाइट में ही धरे गए
|
CJP Protest in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने ऐसी व्यापक घेराबंदी की कि प्रदर्शनकारियों की योजना अपेक्षित रूप से आगे नहीं बढ़ सकी। धौला कुआं से जंतर-मंतर तक, जनपथ से पुरानी दिल्ली और दिल्ली की सीमाओं तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जगह-जगह बैरिकेडिंग, पुलिस की अतिरिक्त तैनाती, वाहनों की जांच और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के चलते सीजेपी का प्रदर्शन शनिवार को असफल रहा । कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया और अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे छात्र संगठनों के सदस्यों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचनाएं सामने आईं।
कई नेताओं को लिया गया हिरासत में
यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम से दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया । सीजेपी के कानूनी प्रकोष्ठ की प्रमुख रत्ना सिंह के साथ अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत लिया । अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को विमान से पहुंचने के बाद हिरासत में लिया गया।
ममता बनर्जी को पुलिस ने दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में बस स्टैंड के पास रोका, जिसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने ममता बनर्जी के साथ मौजूद टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों, जिनमें डेरेक ओ'ब्रायन, डोला सेन, साकेत गोखले और प्रतिमा मंडल शामिल थे, को भी जबरन पुलिस बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया। पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल , संजय सिंह को भी हिरासत में लिया गया।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और वहां भारी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बीच प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली हाट-आईएनए सहित अन्य स्थानों पर जुटने की कोशिश की। इस दौरान छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में होती रही भिड़ंत
कनॉट प्लेस का आउटर सर्किल, हनुमान मंदिर के पास का इलाका, संसद मार्ग, रायसीना रोड, इम्तियाज खान रोड, एच के एस सुरजीत भवन, सफदरजंग हवाईअड्डा फ्लाईओवर के आसपास का हिस्सा और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के आसपास के इलाके वे स्थान थे जहां प्रदर्शनकारी एकत्र हुए या जुटने का प्रयास किया। कई लोगों को कनॉट प्लेस में रीगल सिनेमा के पास हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य को दोबारा एकत्र होने की कोशिश करते समय खदेड़ दिया गया। सुबह यही क्रम चलता रहा, प्रदर्शनकारी नए स्थान पर एकत्र होते, नारेबाजी करते और अन्य लोगों को जोड़ने का प्रयास करते, लेकिन अंततः उन्हें खदेड़ दिया जाता या हिरासत में ले लिया।
लोग हिरासत के बाद छूटे
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में राजधानी के विभिन्न हिस्सों से लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आई जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इसी बीच कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की तथा तनाव की खबरें भी सामने आईं। पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचनाओं के बीच सुरक्षा बलों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी जारी रखी। प्रशासन की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित करना, यातायात सुचारु रखना और किसी भी तरह की हिंसक स्थिति को बढ़ने से रोकना रही।