कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन करने पहुंची। यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर धरने में शामिल रहने वाली लड़की निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हुए कथित हमले को लेकर है। CJP का आरोप है कि संजय कुमार पर स्वतंत्र भारद्वाज नाम के युवक ने हमला किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
CJP नेता सौरव दास अन्य सदस्यों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और संजय कुमार तथा निशु आजाद के लिए न्याय की मांग की। इसी बीच निशु, चंद्रशेखर आजाद, सौरव दास और आशुतोष रांका DCP ऑफिस भी पहुंचे।
निशु आजाद ने राहुल गांधी से मांगी थी मदद
इस मामले को लेकर CJP कार्यकर्ता निशु आजाद ने एक वीडियो पोस्ट कर राहुल गांधी से मदद की अपील की थी। इसके बाद राहुल गांधी ने निशु को मदद का भरोसा दिया।
निशु की गुहार पर राहुल गांधी ने दिया साथ का भरोसा
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, ''निशु, घबराने की जरूरत नहीं है। मैं तुम्हारे साथ हूं। साफ है कि तुम्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि तुम अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठाती हो। अमित शाह की दिल्ली पुलिस एक तरफ छात्रों के साथ अमानवीय बर्बरता करती है। दूसरी तरफ, एक दलित लड़की के पिता का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम घूम रहा है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ऐसे अपराधी को आपका और आपकी पार्टी के लोगों का संरक्षण क्यों है? अब भी कार्रवाई होगी या किसी को बचाते रहेंगे? निशु, तुम्हारी लड़ाई अकेली नहीं है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक न्याय नहीं मिल जाता। जय भीम। जय संविधान।''
मामला उस समय फिर चर्चा में आया, जब संजय कुमार पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में हमले की बात कबूल करने का दावा किया। उसने कहा कि हमले के बाद भी उसे जेल नहीं जाना पड़ा, क्योंकि राजनीतिक लोगों से उसकी जान-पहचान है।
स्वतंत्र भारद्वाज ने बयान पर दी सफाई
पॉडकास्ट में संजय कुमार पर हमले की बात कहने वाले स्वतंत्र भारद्वाज ने बाद में अपने बयान पर सफाई दी। उसने कहा कि उसने जो कुछ किया, वह केवल अपने सेल्फ डिफेंस में किया।
स्वतंत्र भारद्वाज ने यह भी कहा कि पॉडकास्ट में दिए गए उसके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने चोटों को बताया मामूली
संजय कुमार पर जानलेवा हमले के आरोपों को लेकर दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना बयान जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार को लगी चोट मामूली है। RML अस्पताल के डॉक्टरों ने भी इन चोटों को मामूली बताया।
पुलिस के अनुसार, संजय कुमार के सिर पर चोटें हाथ में पहनने वाले कड़े से लगी थीं, न कि किसी हथियार से।
सिर में क्रैक की जानकारी को पुलिस ने बताया बेबुनियाद
दिल्ली पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि संजय कुमार के सिर में क्रैक होने की जानकारी तथ्यों या MLC से मेल नहीं खाती और पूरी तरह बेबुनियाद है।
जांच को लेकर पुलिस का कहना है कि हमले के आरोपी सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज से पूछताछ की गई है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा है कि मामले में किसी के दखल का आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत और बेबुनियाद है।