CJP in UP Election 2027: क्या यूपी चुनाव में उतरेगी कॉकरोच जनता पार्टी? अभिजीत दीपके ने बनाई 16 प्रभारियों की टीम

CJP in UP Election 2027: क्या यूपी चुनाव में उतरेगी कॉकरोच जनता पार्टी? अभिजीत दीपके ने बनाई 16 प्रभारियों की टीम
हाइलाइट्स
• CJP ने यूपी में 16 प्रभारियों की टीम बनाई।
• उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में संगठन ने नियुक्तियां कीं।
• अभिजीत दीपके की टीम ने चुनाव लड़ने और राजनीतिक दल बनने से किया इनकार।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) की अगुवाई वाली इस टीम ने उत्तर प्रदेश सहित 10 राज्यों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। इनमें सबसे अधिक 16 प्रभारी उत्तर प्रदेश में तैनात किए गए हैं। हालांकि, इतनी बड़ी टीम तैयार करने के बावजूद CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी और न ही खुद को राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करने की योजना बना रही है।

CJP खुद को एक 'पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप' बताती है। उसका कहना है कि वह निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके अधूरे वादों और जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए काम करेगी। संगठन ने मौजूदा समय या भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनने की किसी भी संभावना से इनकार किया है।

उत्तर प्रदेश में CJP ने बनाए 16 प्रभारी

कॉकरोच जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए 'उत्तर प्रदेश स्टेट को-ऑर्डिनेशन कमेटी' का गठन करते हुए 16 लोगों को प्रभारी बनाया है। इस सूची में आकाश भडाना, अनुज भडाना, दानिश रज़िक, धीरज पासवान, गजेंद्र सिंह, गजेंद्र गुज्जर, मधु किरन, प्रेमपाल सिंह, राहुल चौरसिया, साजिया खान, श्रीकांत, शुभम वर्मा, सुशोभित जयंत, तुरणी कुमार, उदयकांत और विकास चौरसिया शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में प्रभारियों की यह संख्या उन सभी राज्यों में सबसे ज्यादा है, जहां CJP ने अपनी टीम तैनात की है। चुनाव से पहले संगठन की इस नियुक्ति को लेकर चर्चा हो रही है, लेकिन इसकी ओर से चुनावी मैदान में उतरने की बात को साफ तौर पर खारिज किया गया है।

उत्तराखंड में भी 6 प्रभारियों की नियुक्ति

उत्तर प्रदेश के अलावा CJP ने उत्तराखंड में भी छह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इस सूची में अंजली कांडपाल, जाह्नवी मेहरा, सक्षम जायसवाल, संयम देवली, शिवांशी बिस्वास और युवराज सिंह के नाम हैं संगठन ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार में भी प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके साथ ही नॉर्थ ईस्ट ज़ोन में भी टीम तैयार की गई है।

चुनाव लड़ने का CJP का कोई इरादा नहीं

उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रभारियों की नियुक्ति के बावजूद CJP ने चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज किया है। संगठन का कहना है कि वह एक 'पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप' के तौर पर ही काम करेगा और राजनीतिक पार्टी बनने की उसकी कोई योजना नहीं है।

CJP के तीनों मुख्य सदस्य अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास ने भी तत्काल राजनीति में आने से इनकार किया है। संगठन का फोकस चुनाव लड़ने के बजाय निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके अधूरे वादों के लिए जवाबदेह ठहराने पर रहेगा।