मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में विपक्ष पर निशाना साधते हुए लोगों से संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने हर भारतीय को देश की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा का अधिकार और जिम्मेदारी दी है।
समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि संविधान 145 करोड़ भारतवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह केवल नागरिकों को उनके अधिकारों की जानकारी नहीं देता, बल्कि देश के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसी के कारण भारत का अस्तित्व है या वही देश का संरक्षक है।
संविधान ने हर वयस्क नागरिक को दिया मतदान का अधिकार
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण की भावना का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी सोच के साथ संविधान बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की खासियत यह है कि लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के बिना मतदान का अधिकार मिला। योगी ने कहा कि दुनिया के कई ऐसे देशों में, जो खुद को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, लंबे समय तक रंगभेद और लिंगभेद के आधार पर नागरिकों को समान अधिकार नहीं दिए गए। इसके विपरीत भारत ने शुरुआत से ही सभी वयस्क नागरिकों को मताधिकार प्रदान किया।
लाल पुस्तिका को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा कर लाल पुस्तिका लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इन लोगों ने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो भारत की संप्रभुता का संरक्षक होने का दावा नहीं करते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए किया गया था। उनके मुताबिक, समय-समय पर स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए और संवैधानिक संस्थाओं तथा लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने भारत पर लगातार आक्षेप लगाए और लोकतंत्र को कमजोर करने के षड्यंत्र किए। योगी ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों से देश को बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर की उपेक्षा का आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें कभी भारत रत्न नहीं लेने दिया। उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने और चुनाव हराने के लिए भी कई प्रयास किए गए।
योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। असीम अरुण के पत्र लिखने के बाद प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।
मुख्यमंत्री ने महाराज सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बना। योगी के मुताबिक, प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के बाद बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनाया गया। बहराइच मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ के नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी महाराज सुहेलदेव के नाम पर रखा गया।
उन्होंने बताया कि 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया।
संविधान और सांस्कृतिक विरासत का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में पद का दायित्व संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान की पवित्र पुस्तक को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है।
उन्होंने संविधान की मूल प्रति में शामिल चित्रों का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र शामिल हैं। उनके मुताबिक, ये चित्र भारतीय संविधान में देश की सांस्कृतिक विरासत को दिए गए सम्मान को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के योगदान की जानकारी देते हुए कहा कि सभा में प्रदेश के सर्वाधिक 55 सदस्य थे। संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में छह उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे मनीषियों ने भी संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने विरासत और विकास के समन्वय के उदाहरण के तौर पर काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन में सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी के विकास का उल्लेख किया।
कानून का राज ही विकास की गारंटी: योगी
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में विद्यालयों की स्थिति जर्जर थी। स्कूलों में न भवन थे और न शिक्षक, जबकि नकल कराना आम बात थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे, नौकरियां निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी और पेपर लीक होते थे।
योगी ने कहा कि उस समय गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसान आत्महत्या के लिए मजबूर थे, महिलाओं की गरिमा सुरक्षित नहीं थी और प्रदेश पेशेवर माफिया एवं अपराधियों के हाथों बंधक बना हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास के सपने कैसे पूरे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। प्रदेश सरकार ने प्रभावी ढंग से विधि का शासन लागू किया है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
2017 से पहले की परिस्थितियों का भी किया उल्लेख
योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को राशन नहीं मिलता था और खाद्यान्न घोटाले होते थे। रोजगार और निवेश के अवसर सीमित थे। सुरक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को प्रदेश से पलायन करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब संविधान के आदर्शों के अनुरूप शासन व्यवस्था को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।