तिलक लगाने से फराह खान का इंकार, सोशल मीडिया पर मच गया बवाल!

तिलक लगाने से फराह खान का इंकार, सोशल मीडिया पर मच गया बवाल!

फिल्म निर्देशक और यूट्यूबर फराह खान इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में होटल की लॉबी में उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश के साथ किया जाता है। इस दौरान होटल की एक महिला कर्मचारी आरती उतारने के बाद फराह के माथे पर तिलक लगाने के लिए हाथ बढ़ाती है, लेकिन फराह उसे रोक देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके व्यवहार को लेकर बहस शुरू हो गई है।

सेलिब्रिटी पैपराजी विरल भयानी ने भी यह वीडियो साझा किया है। कुछ यूजर्स फराह के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि तिलक लगवाना या न लगवाना किसी की निजी पसंद हो सकती है।

होटल में स्वागत के दौरान क्या हुआ?

वायरल वीडियो में फराह खान होटल की लॉबी में नजर आती हैं। होटल की एक कर्मचारी हाथ में आरती की थाली लेकर उनका स्वागत करती है। इसके बाद फराह पर फूलों की बारिश की जाती है। वीडियो में इस दौरान फराह कुछ असहज या परेशान दिखाई देती हैं।

इसके बाद महिला कर्मचारी उनके माथे पर तिलक लगाने की कोशिश करती है। फराह उसे ऐसा करने से रोक देती हैं। इसी पल को लेकर वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया और यूजर्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।

फराह खान के वीडियो पर यूजर्स ने क्या कहा?

वीडियो वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने फराह खान की धर्मनिरपेक्ष छवि का जिक्र करते हुए उनके व्यवहार पर सवाल उठाए। एक यूजर ने टिप्पणी की, 'धर्मनिरपेक्षता की पोल खुल गई।'

एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'वह सिर्फ एक ही टिक्का एक्सेप्ट करती हैं और वो है पनीर टिक्का।'

एक और टिप्पणी में फराह के ब्लॉग्स का जिक्र करते हुए सवाल किया गया कि जब वह वहां भगवान को प्रणाम करती हैं, तो इस मौके पर उन्होंने तिलक लगाने से क्यों रोका। वहीं, एक यूजर ने लिखा कि उसकी दोस्त मुस्लिम है, लेकिन उसे तिलक लगवाने से परहेज नहीं है।

हालांकि, सभी प्रतिक्रियाएं आलोचनात्मक नहीं थीं। कुछ यूजर्स ने इसे फराह की निजी पसंद बताते हुए उनका समर्थन भी किया। इस तरह वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिल्मों के बाद यूट्यूब पर सक्रिय हैं फराह खान

फराह खान ने साल 2004 में शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'मैं हूं ना' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'ओम शांति ओम', 'तीस मार खान' और 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

अब फराह खान यूट्यूब पर भी सक्रिय हैं। वह अपने फूड ब्लॉग के जरिए अलग-अलग सेलिब्रिटी के घर जाती हैं और वहां के माहौल, खाने तथा उनसे जुड़ी खास बातों को दर्शकों के साथ साझा करती हैं। इन वीडियो में उनके साथ उनके कुक दिलीप भी मौजूद रहते हैं।

पिछले दिनों फराह माधुरी दीक्षित के घर पहुंची थीं, जहां उन्होंने अभिनेत्री के 48 करोड़ के लग्जरी घर की झलक दिखाई। इस दौरान दोनों ने कुछ खास किस्से भी साझा किए।

फिलहाल होटल में स्वागत के दौरान तिलक लगाने से रोकने वाला फराह खान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस पर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं, जबकि अन्य इसे उनकी व्यक्तिगत पसंद मान रहे हैं।