Highlights
• गाजीपुर में अवैध हथियार तस्करी का पुलिस ने किया भंडाफोड़
• तीन तस्करों से 38 पिस्टल और तमंचे बरामद
• कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक भी पुलिस ने जब्त की
• मध्य प्रदेश से हथियार लाकर गाजीपुर में करते थे सप्लाई
Ghazipur Illegal Arms Smuggling: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है जो उनकी डिलीवरी देने की तैयारी में थे। इनके पास से अवैध पिस्तौल और तमंचे के अलावा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक़ जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई की । पुलिस ने कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पिस्टल, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 1:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ शस्त्र तस्कर कैथवलिया पुलिया के पास हथियारों की डिलीवरी के लिए मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा और रवि कुमार, निवासी भदौरा थाना गहमर तथा अभिषेक कुमार, निवासी फुल्ली थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 18 पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .9 एमएम, 19 देशी तमंचे .315 बोर और 18 जिंदा कारतूस मिले।
मध्य प्रदेश से लाकर गाजीपुर में करते थे हथियारों की डिलीवरी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हथियार मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से लाकर गाजीपुर में सप्लाई किए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप किससे ली जाती थी और गाजीपुर में इसकी डिलीवरी किन लोगों को दी जानी थी। पुलिस को इस नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है।
पुलिस ने बरामद हथियारों और वाहन को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। हथियारों के स्रोत और उनके खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि जिले में अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।