गोविंदा और अभिनेत्री रानी स्वर्णकार एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। फिल्म 'रूपा' से जुड़ी अपनी कुछ नई तस्वीरें रानी ने अभिनेता के साथ साझा की हैं। इन तस्वीरों में दोनों हाथ थामे और एक-दूसरे के साथ पोज देते दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट पर राखी सावंत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिन्होंने कमेंट में गुस्से वाले इमोजी शेयर किए।
गोविंदा की निजी जिंदगी और रानी स्वर्णकार के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में इन नई तस्वीरों ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है।
रानी स्वर्णकार ने गोविंदा के साथ शेयर कीं 'रूपा' की तस्वीरें
रानी स्वर्णकार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म 'रूपा' की तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'रूपा की सुंदर झलकियां।'
तस्वीरों में गोविंदा सफेद ब्लेजर, काली पैंट और सनग्लासेस में नजर आ रहे हैं। वहीं रानी लैवेंडर रंग की साड़ी और पर्पल ब्लाउज पहने दिखाई दे रही हैं। उन्होंने अपने लुक के साथ स्टेटमेंट चोकर और मैचिंग जूलरी भी पहनी है।
एक तस्वीर में गोविंदा रानी की कमर पर पीछे से हाथ रखे हुए हैं, जबकि दूसरी में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामकर चलते नजर आ रहे हैं। कुछ तस्वीरों में दोनों साथ खड़े होकर एक-दूसरे की तरफ देखते हुए पोज दे रहे हैं।
राखी सावंत ने पोस्ट पर दिया ऐसा रिएक्शन
रानी की इस सोशल मीडिया पोस्ट पर राखी सावंत ने भी कमेंट किया। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में गुस्से वाले इमोजी शेयर किए। हालांकि, उन्होंने इस प्रतिक्रिया के साथ कोई लिखित टिप्पणी नहीं की।
दूसरी तरफ, पोस्ट पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने गोविंदा को उनकी नई फिल्म के लिए बधाई दी, जबकि कुछ यूजर्स ने तस्वीरों को AI से बनाई गई तस्वीरें बताया।
गोविंदा और रानी के रिश्ते को लेकर क्यों हो रही हैं चर्चाएं?
गोविंदा और रानी स्वर्णकार के रिश्ते को लेकर साल 2026 की शुरुआत से ही तरह-तरह की अटकलें सामने आती रही हैं। सितंबर में दोनों मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा पंडाल में बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इसके बाद गोविंदा ने स्पष्ट किया था कि उनका यह दौरा फिल्म 'रूपा' से जुड़ा हुआ था।
लगातार उठ रहे सवालों पर गोविंदा ने एएनआई से बातचीत में इन चर्चाओं को अपनी छवि खराब करने और परिवार में मनमुटाव पैदा करने की एक 'सोची-समझी साजिश' बताया था।
अभिनेता ने यह भी दोहराया था कि रानी स्वर्णकार के साथ उनका रिश्ता पूरी तरह प्रोफेशनल है। हालांकि, उन्होंने कहा था कि अगर किसी का अफेयर होता भी है, तो यह उस व्यक्ति का निजी मामला होना चाहिए।
गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाए जाने पर नाराजगी भी जाहिर की थी। अब रानी की ओर से साझा की गई नई तस्वीरों के बाद एक बार फिर दोनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।