पंजाब में चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की मैनिफेस्टो कमेटी के सह-अध्यक्ष और पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। गुरुवार को वह सेक्टर 37 स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बीजेपी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया और पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों मौजूद रहे।
कंबोज के बीजेपी में शामिल होने को कांग्रेस के लिए अहम झटका माना जा रहा है। उन्होंने राजपुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर दो बार जीत दर्ज की थी और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है।
हरदयाल सिंह कंबोज के BJP में जाने से कांग्रेस को झटका
हरदयाल सिंह कंबोज पंजाब कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के सह-अध्यक्ष थे। गुरुवार को अचानक पंजाब बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ले ली। उन्हें भाजपा में शामिल कराने में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की भूमिका बताई जा रही है।
बीजेपी में शामिल होने के बाद पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उनका स्वागत किया। कंबोज राजपुरा सीट से कांग्रेस के टिकट पर दो बार चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में उनका पार्टी छोड़ना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
BJP में शामिल होने पर हरदयाल सिंह कंबोज ने क्या कहा?
बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद हरदयाल सिंह कंबोज ने पंजाब के मौजूदा हालात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब को बचाने की जरूरत है और केंद्र की एनडीए सरकार के समर्थन के बिना राज्य में हालात ठीक नहीं हो सकते।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "आज जैसे हालात आम आदमी पार्टी ने पंजाब का कर दिया है, इसको संभालने के लिए अब एनडीए जैसी बहुत बड़ी सोच की जरूरत है।"
कंबोज ने आगे कहा, "पंजाब को सिर्फ बीजेपी ही बचा सकती है।" उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।
छात्र राजनीति से शुरू किया था सफर
हरदयाल सिंह कंबोज ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक, सबसे छोटी उम्र में उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा था।
उन्होंने कहा कि राजनीति को करीब से देखने और कई बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के अनुभव के बाद उन्होंने बीजेपी में जाने का निर्णय लिया। कंबोज के अनुसार, भाजपा में शामिल होकर ही वे पंजाब को सही राह पर ले जाने में योगदान दे सकते हैं।