हाइलाइट्स
- सोशल मीडिया पोस्ट में ईडी के समन पर जताया अपना अंदाज
- रावत ने सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया
- बोले, देश और समाज की चिंता है, अपनी चिंता नहीं
Harish Rawat ED: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शनिवार को हाथ में छाता लिए और गले में अपनी मां की तस्वीर लटकाए प्रवर्तन निदेशालय ED के कार्यालय पहुंचे। ईडी ED कार्यालय पहुंचने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो साझा किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “ED ने बुलाया, हम खरामे-खरामे चले आए।”
बोले, अनुभव कुछ मीठा तो कुछ निराशाजनक रहा
ED कार्यालय में अपनी उपस्थिति के बाद रावत ने सोशल मीडिया पर अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि दिन का अनुभव कुछ मीठा, कुछ रोमांचकारी और कुछ निराशा भरा रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारें बदले की भावना से काम करेंगी तो देश कैसे चलेगा। रावत ने कहा कि उन्हें अपनी चिंता नहीं है, बल्कि देश और समाज की चिंता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें ईडी नहीं, बल्कि सत्ता, उसका अहंकार और चुनाव की चिंताएं बुला रही हैं। रावत ने कहा कि वह इन चिंताओं का समाधान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा शारीरिक स्थिति में उनके लिए देहरादून आना आसान नहीं था और अगले करीब डेढ़-दो महीने तक पार्टी अध्यक्ष को उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी, क्योंकि वह दिल्ली में रहेंगे।
ईडी और भाजपा को धन्यवाद दिया
रावत ने ईडी और भाजपा का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें यहां बुलाए जाने के लिए वे दोनों को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि ईडी अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत हुई और उन्होंने उनके सामने अपनी बात रखी। रावत ने कहा कि अब आगे देखा जाएगा कि मामले में क्या होता है।
2016 की वीपीडीओ भर्ती परीक्षा से जुड़ी जांच
ईडी की कार्रवाई उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग UKSSSC की 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी VPDO भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा है। एजेंसी ने 10 सितंबर को देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें रावत के तत्कालीन ओएसडी और अब निजी सहायक चंदन सिंह जीना का परिसर भी शामिल था। ईडी के मुताबिक, जीना के परिसर से जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 1.28 करोड़ रुपये है।
ईडी की जांच संबंधित एफआईआर और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों पर आधारित है। रावत से इसी सिलसिले में पूछताछ की गई।