Hockey World Cup: इंगलैंड से 4-2 से पिटी भारतीय टीम

Hockey World Cup: इंगलैंड से 4-2 से पिटी भारतीय टीम

FIH World Cup:2026 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जीत की भारतीय टीम की तीन दशक से चली आ रही हसरत पूरी नहीं हो सकी। पूल डी के अपने दूसरे मैच में भारतीय हॉकी टीम को इंग्लैंड के हाथों दो गोल के मुकाबले चार गोल से करारी शिकस्त खानी पड़ी।

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने पहले हाफ तक मैच में बढ़त बना रखी थी लेकिन दूसरे हाफ में अंग्रेजों ने वापसी की और मैच अपने नाम कर लिया।   भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल दागे।  तीसरा क्वार्टर भारतीय टीम को भारी पड़ा जिसमें अंग्रेज़ टीम ने  दो गोल दाग दिए।

इंग्लैंड ने बनाई बढ़त

इंग्लिश टीम ने पहले क्वार्टर में 14वें मिनट में पहला गोल दागा था। बंदुरक निकोलस के गोल से इंग्लिश टीम ने बढ़त ले ली। पहले क्वार्टर में टीम इंडिया  शानदार तरीके से खेल रही थी। लेकिन अंत में वे डिफेंस करने से चूक गए और इस वजह से अंग्रेजों ने बढ़त बना ली थी।

भारत ने की वापसी, बंधी आस

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने वापसी की । इसी क्वार्टर में  बढ़त भी हासिल कर ली थी। टीम इंडिया के लिए पहला गोल कप्तान हरमप्रीत सिंह ने मारा। इस गोल से  स्कोर को 1-1 से बराबर हो गया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 25वें मिनट में गोल दागकर भारतीय को 2-1 से बढ़ दिला दी थी। पहले हाफ तक टीम इंडिया ने इस बढ़त को बरकरार रखा।

दूसरे हाफ में अंग्रेजों ने  वापस ली बढ़त

पहले हाफ में पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में इंग्लिश टीम ने जबरदस्त वापसी की। 38वें मिनट में रशमेयर स्टुअर्ट ने गोल कर स्कोर को 2-2 से बराबर किया। इसके बाद 43वें मिनट में क्रॉफ्ट हेनरी  के गोल से इंग्लिश टीम ने बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर में अंग्रेजों ने दो गोल दागे  जबकि भारतीय टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। 

इंग्लैंड ने दर्ज की जीत

चौथे क्वार्टर में इंग्लिश टीम ने भारत को एक भी गोल करने नहीं दिया। 55वें मिनट में इंग्लैंड की तरफ़ से बंदुरक निकोलस ने अपना दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को 4-2 की बढ़त दिला दी। इसी के साथ भारत को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। हॉकी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पिछले 32 सालों से नहीं हराया है। आखिरी बार भारत ने इंग्लैंड को 1994 में हराया था।

पूल डी के टेबल में दो जीत के साथ इंग्लैंड सबसे ऊपर है। उसके छह अंक हैं। भारतीय टीम तीन अंक के साथ दूसरे नंबर पर है। पाकिस्तान और वेल्स के एक एक अंक हैं। अब आगे बढ़ने के लिए भारतीय टीम को किसी भी हालत में पाकिस्तान को हराना होगा। पाकिस्तान के साथ मैच 19 अगस्त को खेला जाएगा।