IMF on Indian GDP: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष IMF ने चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में भारत की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने को अपनी पूर्व उम्मीदों और बाजार के अनुमान से बेहतर बताया है। IMF के अनुसार, मजबूत सेवा क्षेत्र और निर्यात में वृद्धि ने भारतीय अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
IMF ने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को सराहा
IMF की संचार निदेशक जूली कोजैक ने भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्लेख करते हुए इसे वैश्विक आर्थिक वृद्धि के प्रमुख इंजनों में से एक बताया। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े झटकों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन की सराहना की।
अक्टूबर में आएंगे IMF के नए आर्थिक अनुमान
आईएमएफ ने भारत द्वारा हाल में सांख्यिकीय आंकड़ों में किए गए सुधारों, विशेषकर नए औद्योगिक उत्पादन सूचकांक का भी स्वागत किया है और आंकड़ों की गुणवत्ता में आगे भी सुधार की आवश्यकता बताई है। IMF के नए आर्थिक अनुमान अक्टूबर में जारी होने हैं।
महेश जेठमलानी ने विपक्ष पर साधा निशाना
इस बीच, भाजपा नेता महेश जेठमलानी ने सोशल मीडिया मंच X पर IMF की टिप्पणी का हवाला देते हुए भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर विपक्ष के दावों पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि आर्थिक आंकड़े भारत की मजबूत विकास यात्रा को दर्शाते हैं।
हालांकि, भारत में आर्थिक आंकड़ों की विश्वसनीयता और उनकी व्याख्या को लेकर राजनीतिक एवं आर्थिक हलकों में बहस जारी है।