भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार को तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के बीच क्रिकेट मुकाबले के साथ दोस्ती के रिश्ते को भी दिखाएगा। खास बात यह है कि इस सीरीज में अफगानिस्तान मेजबान की भूमिका में है।
शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम के गेट नंबर तीन पर ‘फ्रेंडशिप कप’ ट्रॉफी का अनावरण किया गया। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने काबुल के ‘ताक-ए-जफर’ गेट की प्रतिकृति के सामने ट्रॉफी का अनावरण किया।
‘ताक-ए-जफर’ गेट के सामने हुआ ट्रॉफी अनावरण
‘ताक-ए-जफर’ अफगानिस्तान के लोगों के लिए सम्मान और गौरव का प्रतीक माना जाता है। काबुल में मौजूद मूल गेट पांच दशक से भी पहले बनाया गया था। यह युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिकों की याद में बनाया गया था। रविवार से दर्शक इसी गेट की प्रतिकृति वाले रास्ते से स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।
भारत में अफगानिस्तान के क्रिकेट सफर का भी लंबा जुड़ाव रहा है। देहरादून और ग्रेटर नोएडा में उसके घरेलू मुकाबले और तैयारियां हो चुकी हैं। अफगान टीम ने लंबे समय तक भारत में अभ्यास किया है और यहां उसके खिलाड़ियों को गर्मजोशी और प्यार मिला है। ऐसे में अरुण जेटली स्टेडियम की यह सीरीज उसके लिए ‘घर से दूर घर’ जैसी है।
वैभव सूर्यवंशी या संजू सैमसन, किसे मिलेगा मौका?
दोनों देशों के बीच दोस्ती की तस्वीर मैदान के बाहर नजर आ रही है, लेकिन मुकाबले में दोनों टीमें जीत के लिए उतरेंगी। भारत के सामने शीर्ष क्रम में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के बीच चयन का सवाल है।
इंग्लैंड में वैभव को मौका मिला था, जबकि सीरीज के आखिरी मैच में संजू सैमसन की वापसी हुई थी। सैमसन अनुभव और आक्रामकता का संतुलन देते हैं, वहीं 15 वर्षीय वैभव अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं।
ईशान किशन भी इस मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। शुक्रवार को अभ्यास के दौरान उनकी पीठ में खिंचाव आया था, जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे।
भारत के स्पिन संयोजन पर भी नजर रहेगी। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के खेलने की उम्मीद है। तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर के लिए वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज यश ठाकुर में से चुनाव दिलचस्प होगा। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी के भी अंतिम एकादश में रहने की संभावना है।
अफगानिस्तान के स्पिनरों के सामने भारतीय बल्लेबाज
भारत के लिए यह सीरीज एशियाई खेलों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अफगानिस्तान की पूरी ताकत वाली टीम के खिलाफ तीन T20 मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों को मजबूत स्पिन आक्रमण का सामना करना होगा।
राशिद खान, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान की तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश करेगी। अफगानिस्तान के पास फजलहक फारूकी और नवीन-उल-हक जैसे तेज गेंदबाज भी हैं। इसके अलावा गुलबदीन नायब और अजमतुल्लाह उमरजई टीम में ऑलराउंडर की भूमिका में हैं।
भारत और अफगानिस्तान की पूरी टीम
भारत की टीम में कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई शामिल हैं।
अफगानिस्तान की टीम की कमान इब्राहिम जादरान के हाथों में है। टीम में दार्विश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, नांगेलिया खरोटे, अब्दुल्ला अहमदजई, फजलहक फारूकी, नवीन उल हक, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद शामिल हैं।
श्रेयस अय्यर ने गौतम गंभीर की तारीफ की
मैच से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुख्य कोच गौतम गंभीर को शानदार ‘मैन मैनेजर’ बताया। अय्यर के मुताबिक, गंभीर खिलाड़ियों के भीतर भरोसा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टता बनाए रखते हैं।
अय्यर ने कहा कि गंभीर टीम के अंदर काफी भरोसा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं। हर खिलाड़ी अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से समझता है। उन्होंने कहा कि कोचिंग के लिहाज से ये सभी चीजें बेहद महत्वपूर्ण हैं।
अय्यर ने यह भी बताया कि वह पहले केकेआर में गंभीर के साथ काम कर चुके हैं। इसलिए वह गंभीर की सोच और उनके नजरिए को समझते हैं।