बस में सवार होने से पहले धरे गये तस्कर, 1.96 करोड़ का विदेशी सोना जब्त

बस में सवार होने से पहले धरे गये तस्कर, 1.96 करोड़ का विदेशी सोना जब्त
हाइलाइट्स:
• डनलप इलाके में DRI ने तीन लोगों को रोका
• आरोपियों के पास से 1.18 किलो विदेशी सोना बरामद
• परिसर से 109 ग्राम अतिरिक्त सोना भी मिला
• करीब 1.96 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त
• 1.20 लाख अमेरिकी डॉलर और देसी हथियार बरामद

DRI Kolkata Gold Seizure: कोलकाता में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने विदेशी से सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। DRI की टीम ने डनलप इलाके में तीन लोगों को उस समय रोका, जब वे दिल्ली जाने वाली बस में सवार होने की कोशिश कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1.18 किलोग्राम 24 कैरेट का पिघला हुआ विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ।
सोने को आरोपियों ने अपने शरीर पर छिपाकर रखा था। इसके बाद DRI ने उस परिसर की भी तलाशी ली, जहां से आरोपी कथित तौर पर अपना काम संचालित कर रहे थे। वहां से 24 कैरेट का 109 ग्राम अतिरिक्त पिघला हुआ सोना बरामद हुआ।

करीब 1.96 करोड़ रुपये का सोना जब्त

कार्रवाई में कुल करीब 1.29 किलोग्राम विदेशी मूल का 24 कैरेट सोना जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है। परिसर से सोना पिघलाने और उसका वजन करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

DRI की कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा भी बरामद हुई। अधिकारियों को 1,20,000 अमेरिकी डॉलर मिले। तलाशी के दौरान मिले साक्ष्यों से बैंकॉक की यात्रा की योजना का भी संकेत मिला है।

देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और छह कारतूस मिले

तलाशी के दौरान परिसर से एक बिना लाइसेंस की देशी निर्मित पिस्तौल भी बरामद हुई। इसके साथ दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस मिले। DRI ने हथियार को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब Arms Act, 1959 के तहत मामले में कार्रवाई करेगी।

छह लोग गिरफ्तार

इस पूरी कार्रवाई में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI बरामद सोने, विदेशी मुद्रा, उपकरण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में सोने के स्रोत, इसे कोलकाता तक पहुंचाने और इसके संभावित गंतव्य से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।