मायावती ने कॉकरोच पार्टी को दिया इस बात का श्रेय

मायावती ने कॉकरोच पार्टी को दिया इस बात का श्रेय

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कॉकरोच जनता पार्टी को शिक्षित युवाओं के मुद्दे को राष्ट्रीय महत्व का मुद्दा बनाने का श्रेय देते हुए कहा है कि केन्द्र व राज्य सरकारों को तत्काल इसकी ‘वास्तविक चिंता’ शुरू कर देनी चाहिए।

मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा,’अब जबकि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नाम से विशेषकर बेरोज़गारी व अंधकार भविष्य आदि से पीड़ित व आहत शिक्षित युवा-युवतियों ने ख़ासकर दिल्ली में जंतर मंतर के 36 दिन तक चले अपने बहु-चर्चित आन्दोलन के ज़रिये इन ज्वलन्त मुद्दों को वास्तव में राष्ट्रीय महत्व का विशेष व गंभीर चर्चा का मुद्दा बना दिया है’।

उन्होंने कहा कि इस मामले में देश के शिक्षा मंत्री को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि एसे में केंद्र और राज्य सरकारों को सबकुछ भुलाकर देश के ग़रीबों, श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं व अन्य मेहनतकश लोगों तथा ख़ासकर बेरोज़गारी की मार से पीड़ित लाखों परिवारों की वास्तविक चिन्ता  तत्काल शुरू कर देनी चाहिये।

BSP सुप्रीमों ने कहा सरकारी नौकरियों पर खा़स ध्यान देने की ज़रूरत है और इस क्रम में राष्ट्रीय सम्पत्तियों को निजी हाथों में बेचना बंद करके तथा सभी सरकारी विभागों में रिक्त पड़े लाखों पदों पर पेपरलीक व भ्रष्टाचार-मुक्त समयबद्ध भर्तियाँ तत्काल प्रारम्भ करके समस्या के फौरन निदान के प्रति गंभीर प्रयास शुरू करना चाहिए।   

मायावती ने कहा कि जंतर मंतर में आन्दोलित छात्र-छात्राओं व बेरोजगार युवाओं आदि के मुद्दों को लेकर संसद के वर्तमान सत्र में लगातार जारी गतिरोध को भी समाप्त किया जाना ज़रूरी है।

मायावती ने इस बयान में छह बिन्दुओं में अपनी बात रखते हुए सरकारों को हर हाल में लाभ कमाने वाली व्यापारिक सोच को त्याग कर संविधान की सच्ची भावना के अनुसार काम करने की अपील की।