उज़्बेकिस्तान की दो दिन की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मेजबान देश ने विदेशी नेताओं के अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री मोदी को उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने ‘ओली दरजाली दोस्तलिक’ सम्मान से सम्मानित किया। यह विदेशी नेताओं के लिए उज़्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान है। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को दोनों देशों के बीच दोस्ती को मज़बूत करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों को समर्पित किया और कहा कि यह दोनों सभ्यताओं के बीच अटूट दोस्ती का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने यह सम्मान ग्रहण करने के बाद कहा कि वह इस सम्मान से गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होने इस सम्मान के लिए उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति का अपने और भारतवासियों की तरफ़ से आभार व्यक्त किया।