न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए सिराज के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर रखना सही नहीं है।
मीडिया से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने कहा कि शायद सिराज का नाम 'सिराज' होने की वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो, फिर भी उसे नहीं चुना जाता है तो इसे भेदभाव ही कहा जाएगा।
रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर ने भी चयन पर उठाए सवाल
मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला पूर्व क्रिकेटरों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल किया, 'सिराज कहां हैं?' उन्होंने तेज गेंदबाज के अनुभव, आक्रामकता और गेंद से मैच पर प्रभाव डालने की क्षमता का जिक्र किया।
शास्त्री ने चयन के आधार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर गति, कौशल और सीम मूवमेंट को ध्यान में रखा गया था और 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करना मुश्किल था, तब भी सिराज को टीम में शामिल नहीं किए जाने की वजह समझ से परे है। उन्होंने भारतीय टीम के मैच में जोरदार वापसी करने की उम्मीद भी जताई।
वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने भी मैच के प्रसारण के दौरान सिराज को बाहर रखने पर सवाल उठाया। उनके मुताबिक, इस तेज गेंदबाज ने कभी भारत को निराश नहीं किया और वह अच्छी लय में भी थे।
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बताया बेहतर मौके का हकदार
पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज ने अपनी प्रतिबद्धता, क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा दिखाया है। ऐसे में वह बेहतर मौके के हकदार थे।
अजहरुद्दीन ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल नहीं किए जाने से उन्हें निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि सिराज ने जरूरत पड़ने पर आगे आकर देश के लिए प्रदर्शन किया है। हालांकि, अजहरुद्दीन ने टीम में शामिल किए गए कंबोज को शुभकामनाएं भी दीं।
मौजूदा WTC चक्र में सिराज के नाम 43 विकेट
मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठने की एक बड़ी वजह मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में उनका प्रदर्शन भी है। इस दौरान वह भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं।
सिराज ने मौजूदा WTC चक्र में 11 टेस्ट मैच खेले हैं और उनके नाम 43 विकेट हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 26.81 और स्ट्राइक रेट 45.69 रहा है। उनके चयन को लेकर उठ रही बहस में इसी प्रदर्शन और टीम के लिए उनके पिछले योगदान का हवाला दिया जा रहा है।