Mr Faisu ने मदीना में किया निकाह, पहली बार दिखाया पत्नी का चेहरा

Mr Faisu ने मदीना में किया निकाह, पहली बार दिखाया पत्नी का चेहरा

सोशल मीडिया स्टार और कंटेंट क्रिएटर मिस्टर फैसू यानी फैसल शेख ने सऊदी अरब के मदीना शहर में निकाह कर लिया है। शनिवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें साझा कर फैंस को इस खास मौके की झलक दिखाई। तस्वीरों में फैसल अपनी पत्नी के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने पत्नी का चेहरा भी दिखाया, जिसके बाद निकाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गईं।

पिछले कुछ हफ्तों से फैसल की शादी को लेकर खबरें सामने आ रही थीं। सोशल मीडिया पर एक शादी का कार्ड भी वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि वह तान्या नाम की लड़की से शादी करने वाले हैं। अब फैसल ने निकाह की तस्वीरें साझा करके अपने फैंस के साथ इस खुशी को बांटा है।

मदीना में निकाह के बाद फैसल शेख ने क्या लिखा?

फैसल शेख ने शादी की कई तस्वीरें पोस्ट कीं और अपने संदेश में कुरान की आयत का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, 'और हमने तुम्हें जोड़ों में बनाया' | कुरान 78:8

इसके बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'अल्हम्दुलिल्लाह, एक सपना सच हो गया। मदीना के खूबसूरत शहर में पूरे परिवार की मौजूदगी में निकाह हुआ। यह एक ऐसा आशीर्वाद है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।'

फैसल ने अपने संदेश में आगे लिखा, 'जब हम साथ में इस खूबसूरत सफर की शुरुआत कर रहे हैं तो हमें अपनी दुआओं में याद रखिएगा। अल्लाह हमारी शादी को ढेर सारे प्यार और बरकत से नवाजे। आमीन।'

सेलेब्रिटीज ने दी निकाह की बधाई

फैसल शेख की शादी की तस्वीरों पर फैंस के साथ-साथ सेलेब्रिटीज ने भी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, उनकी पत्नी के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

'लॉक अप: सच या सजा' की विनर श्रेया कालरा ने फैसल की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'मुबारक हो।' वहीं एक्ट्रेस आयशा खान ने भी उन्हें बधाई देते हुए 'मुबारक' लिखा।

कौन हैं मिस्टर फैसू यानी फैसल शेख?

मिस्टर फैसू के नाम से लोकप्रिय फैसल शेख को टिकटॉक पर वीडियो वायरल होने के बाद पहचान मिली। लॉकडाउन के दौरान उनकी लोकप्रियता बढ़ी और बाद में वह जाने-माने कंटेंट क्रिएटर बन गए।

फिलहाल इंस्टाग्राम पर उनके 33.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया पर पहचान बनाने के बाद फैसल ने कई रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया। इनमें 'खतरों के खिलाड़ी', 'झलक दिखला जा 10' और 'द 50' शामिल हैं।