मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट और आसमानी पटाखों पर बैन, BMC ने जारी किया आदेश

मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट और आसमानी पटाखों पर बैन, BMC ने जारी किया आदेश
हाइलाइट्स
• मुंबई में 25 नवंबर 2026 तक रॉकेट और आसमानी पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध
• निजी घरों की छत, बालकनी और सार्वजनिक जगहों पर भी लागू होगा आदेश
• 8 नवंबर को फायर ब्रिगेड को मिलीं 142 कॉल, इनमें 137 घटनाएं पटाखों से जुड़ीं

मुंबई में पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं के बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह पाबंदी 9 नवंबर से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी।

BMC कमिश्नर प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा ने अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की अध्यक्ष (प्रभारी) के तौर पर यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके तहत मुंबई में रॉकेट और इसी तरह के एरियल पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी।

घर की छत से लेकर सार्वजनिक जगहों तक लागू रहेगा प्रतिबंध

BMC का यह आदेश सिर्फ सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी परिसरों में भी इसका पालन करना होगा। रिहायशी इमारतों की छत, बालकनी, आंगन, पार्किंग एरिया, झुग्गी-बस्तियों और अन्य सभी परिसरों में रॉकेट या आसमान में उड़ने वाले पटाखे जलाने पर रोक रहेगी।

इसका मतलब है कि लोग अपने घर की छत या बालकनी में भी इन पटाखों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। हालांकि, यह प्रतिबंध विशेष रूप से रॉकेट और इसी तरह के आसमानी पटाखों पर लगाया गया है।

एक दिन में आग की 142 कॉल, 137 घटनाएं पटाखों से जुड़ीं

BMC ने यह कदम आग लगने की घटनाओं में अचानक आई बढ़ोतरी के बाद उठाया है। 8 नवंबर को मुंबई फायर ब्रिगेड को आग लगने की कुल 142 कॉल मिली थीं। इनमें से 137 घटनाएं पटाखों से संबंधित बताई गई हैं।

इस दौरान डोंगरी और विद्याविहार सहित मुंबई के कई इलाकों में आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं। प्रशासन के मुताबिक, रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों से निकलने वाले जलते अवशेष इमारतों की छतों, बालकनी, खिड़कियों और ज्वलनशील सामान पर गिर सकते हैं। इससे आग लगने का खतरा पैदा होता है।

मुंबई में ऊंची इमारतों, घनी आबादी और संकरी बस्तियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने इस खतरे को गंभीर माना है।

डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत जारी हुआ प्रतिबंधात्मक आदेश

BMC ने यह आदेश डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 की धारा 41(A), 26(2), 30 और 34(M) के तहत जारी किया है। प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी पुलिस के जोनल डिप्टी कमिश्नर, BMC के विभागीय असिस्टेंट कमिश्नर और फायर ब्रिगेड को दी गई है।

दूसरे पटाखों पर क्या रहेगा नियम?

BMC के नए आदेश में रॉकेट और इसी तरह के आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर ही प्रतिबंध लगाया गया है। अन्य पटाखों पर यह नई पाबंदी लागू नहीं होगी। उनका इस्तेमाल पहले से लागू कानूनों, सक्षम प्राधिकरणों के आदेशों और अदालत के निर्देशों के अनुसार ही किया जा सकेगा।

इस तरह मुंबई में 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक रॉकेट और एरियल पटाखे जलाने पर रोक रहेगी, जबकि अन्य पटाखों के लिए पहले से लागू नियमों का पालन करना होगा।