मुंबई इंडियंस ने कीरोन पोलार्ड को बनाया हेड कोच

मुंबई इंडियंस ने कीरोन पोलार्ड को बनाया हेड कोच
  • फ्रेंचाइजी के साथ पोलार्ड का 16 साल पुराना रिश्ता
  • नीता अंबानी ने पोलार्ड पर भरोसा जताते हुए दी शुभकामनाएं
  • खिलाड़ी और बल्लेबाजी कोच के बाद अब टीम का नेतृत्व करेंगे पोलार्ड

 Kieron Pollard Mumbai Indians Head Coach: इंडियन प्रीमियर लीग IPL की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने अपने पूर्व स्टार ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस के साथ पोलार्ड का 16 साल पुराना रिश्ता एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। फ्रेंचाइजी ने 24 अक्टूबर 2026 को जारी मीडिया विज्ञप्ति में उनके प्रमोशन की घोषणा की। पोलार्ड इससे पहले टीम के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

मुंबई इंडियंस के साथ खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में जुड़े रहने के कारण पोलार्ड को टीम की कार्यशैली, संस्कृति और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की जरूरतों की गहरी समझ है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनका अनुभव टीम को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उसकी सफल परंपरा को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।

नीता अंबानी ने जताया भरोसा

मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता एम. अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पोलार्ड महज 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों में टीम के परिवार का अहम हिस्सा बन गए हैं। खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने कई यादगार पल दिए और कोच के रूप में अपने अनुभव, जुनून तथा खेल की समझ को साझा किया।

नीता अंबानी ने कहा कि पोलार्ड मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने और टीम के लिए खेलने की जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझते हैं। उन्हें विश्वास है कि पोलार्ड नई भूमिका में भी उसी प्रतिबद्धता, विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ काम करेंगे।

हेड कोच बनने पर क्या बोले पोलार्ड?

नई जिम्मेदारी मिलने पर कीरोन पोलार्ड ने इसे सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस उनके जीवन और करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। टीम के खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और प्रशंसकों के साथ उनका विशेष जुड़ाव है।

पोलार्ड ने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और मुंबई इंडियंस परिवार का भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए उत्साहित हैं।

मुंबई इंडियंस की सफलता में अहम भूमिका

पोलार्ड मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में रहे हैं। टी-20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप को करीब से देखने के कारण उन्हें खेल की रणनीतिक जरूरतों और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का अनुभव है। खिलाड़ी और बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम के साथ उनका सफर उन्हें नई भूमिका के लिए विशिष्ट दृष्टिकोण देता है।

मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी ने पुरुष और महिला क्रिकेट सहित विभिन्न वैश्विक टी-20 प्रतियोगिताओं में कई खिताब जीते हैं। फ्रेंचाइजी के मुताबिक, उसके वैश्विक नेटवर्क ने अलग-अलग लीगों में 13 चैंपियनशिप खिताब हासिल किए हैं। इनमें पांच आईपीएल और दो महिला प्रीमियर लीग खिताब शामिल हैं।