नरेंद्र मोदी के नाम से जाना जाएगा अब जेवर एयरपोर्ट

नरेंद्र मोदी के नाम से जाना जाएगा अब जेवर एयरपोर्ट
हाइलाइट्स
• प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सम्मान
• यूपी कैबिनेट ने पारित किया नामकरण प्रस्ताव
• अभिनंदन प्रस्ताव में CM ने गिनाईं उपलब्धियां, एक्सप्रेसवे से मेट्रो तक विकास कार्यों का उल्लेख


Narendra Modi International Airport:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर अब ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के नाम से जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में एयरपोर्ट का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लिए गए इस फैसले को मुख्यमंत्री ने उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन और प्रदेश के विकास में योगदान के प्रति सम्मान बताया।

कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री ने सरकार के मुखिया के रूप में सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे किए। इस अवसर पर कैबिनेट ने अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रही है। यह केवल सत्ता और शासन की यात्रा नहीं, बल्कि जनसेवा से जनकल्याण तथा जनभागीदारी से जनविश्वास तक पहुंचने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को मिली बड़ी सौगात है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, उद्योग, पर्यटन और वैश्विक संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है। भविष्य में यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल हो सकता है। सरकार ने ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत-2047’ के संकल्प को पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

योगी ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगभग 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। वहीं, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत क्षेत्रीय त्वरित परिवहन प्रणाली पर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार भी परिवहन व्यवस्था को मजबूती दे रहा है। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताते हुए भविष्य में इसे देश के बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित होने वाली परियोजना बताया।

25 साल की सार्वजनिक सेवा पर कैबिनेट का अभिनंदन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए। पहला, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने का प्रस्ताव और दूसरा, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट प्रदेश में निवेश, उद्योग, पर्यटन और वैश्विक संपर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार ने विकास परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।