Nvidia की चिप्स पर अमेरिका की सख्ती, फिर भी कैसे हुई तस्करी?

Nvidia की चिप्स पर अमेरिका की सख्ती, फिर भी कैसे हुई तस्करी?
हाइलाइट्स
• Nvidia AI चिप्स की चीन में तस्करी का बड़ा खुलासा
• जांच के घेरे में चीनी कारोबारी एलिस हुआंग
• शेल कंपनियों और गेमिंग नेटवर्क के जरिए तस्करी का आरोप

अमेरिका की प्रतिबंधित और महंगी AI चिप चीन तक पहुंचाने के कथित नेटवर्क की जांच में चीनी कारोबारी एलिस हुआंग का नाम सामने आया है। इस मामले में सैकड़ों मुखौटा कंपनियों, ऑनलाइन गेमिंग कारोबारियों और कंबोडिया के एक कथित अपराध सिंडिकेट के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है। आरोप है कि अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद अरबों डॉलर के उन्नत AI प्रोसेसर दक्षिण-पूर्व एशिया के रास्ते चीन पहुंचाए गए।

इस जांच में एलिस हुआंग के पुराने कारोबारी रिश्तों और Nvidia प्रमुख जेनसन हुआंग के साथ उनकी नजदीकी भी चर्चा में है। कुछ अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि एलिस चीनी खुफिया एजेंसी के लिए भी काम कर सकती थीं। हालांकि, चीन ने उनके जासूस होने के आरोपों को खारिज करते हुए इसे बदनाम करने की कोशिश बताया है।

कौन हैं एलिस हुआंग और जांच में उनका नाम क्यों आया?

एलिस हुआंग चीन की रहने वाली मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी हैं। यह कंपनी कभी दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia की सबसे बड़ी ग्राहक कंपनियों में शामिल थी। अमेरिकी अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या मेगास्पीड का इस्तेमाल प्रतिबंधित AI प्रोसेसर चीन पहुंचाने के लिए किया गया।

जांच के दौरान कंपनी से जुड़े कारोबारी संपर्कों के अलावा सैकड़ों मुखौटा कंपनियों और ऑनलाइन गेमिंग कारोबारियों के नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। इसमें कंबोडिया के कथित अपराध सिंडिकेट से जुड़े लोगों के संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

व्यापार से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच मेगास्पीड की मलेशियाई सहायक कंपनी स्पीडमैट्रिक्स ने एक अमेरिकी सर्वर निर्माता से 4.6 अरब डॉलर के हार्डवेयर का आयात किया। आरोप है कि इनमें शामिल कई उन्नत प्रोसेसर दक्षिण-पूर्व एशिया में इस्तेमाल होने के बजाय अलग-अलग देशों से होते हुए चीन पहुंचाए गए। वहां इन्हें सामान्य कीमत से कई गुना ज्यादा दाम पर बेचा गया।

Nvidia की चिप चीन पहुंचाने के लिए कैसे तैयार हुआ नेटवर्क?

इस कथित कारोबारी रास्ते की शुरुआत मार्च 2023 के बाद हुई। उस समय अमेरिका ने चीनी सर्वर निर्माता इंस्पर को व्यापार प्रतिबंधों की सूची में शामिल कर लिया था। कंपनी पर चीनी सेना की मदद करने का आरोप था।

हालांकि, इंस्पर की सैन जोस स्थित आंशिक स्वामित्व वाली सहायक कंपनी इस प्रतिबंध से बाहर रही। बाद में उसका नाम बदलकर एवरेस कर दिया गया और उसने Nvidia से चिप खरीदना शुरू किया।

Nvidia के ओईएम साझेदारों के लिए बड़ी मात्रा में सिस्टम खरीदने वाले अंतिम ग्राहक को लेकर कुछ शर्तें थीं। उन्हें यह दिखाना होता था कि ग्राहक के पास तीन साल का कारोबारी रिकॉर्ड है और कंपनी का बहुमत स्वामित्व चीनी नागरिकों के पास नहीं है।

इसी व्यवस्था के बीच आरोप है कि इंस्पर के कुछ चीनी ग्राहकों ने चिप हासिल करने के लिए चीन की गेमिंग कंपनी सेंचुरी हुआतोंग का सहारा लिया। कंपनी के अधिकारियों ने विदेश में एक मुखौटा कंपनी खरीदकर उसे नियो-क्लाउड सेवा देने वाली कंपनी के रूप में पेश करने की योजना बनाई थी।

जेनसन हुआंग से क्या था एलिस हुआंग का कारोबारी संबंध?

साल 2023 में एलिस हुआंग ने सिंगापुर में 7रोड इंटरनेशनल की एक इकाई खरीदी। यह शेनझेन की गेमिंग कंपनी की विदेशी इकाई थी। इस सौदे में एलिस और उनके पति कांग वेई के निवेश फंड हेक्सी इन्वेस्टमेंट की भूमिका थी। अधिग्रहण के बाद कंपनी का नाम बदलकर मेगास्पीड कर दिया गया।

एलिस के पास हांगकांग की नागरिकता थी। उनकी अच्छी अंग्रेजी और साफ कारोबारी रिकॉर्ड के चलते उन्हें कंपनी का भरोसेमंद चेहरा बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia प्रमुख जेनसन हुआंग के साथ उनकी नजदीकी काफी बढ़ गई थी। चीन में कुछ लोग उन्हें जेनसन हुआंग का निजी सहायक तक कहते थे।

एक कारोबारी सूत्र के अनुसार, वर्षों से बने भरोसे के कारण एलिस को कंपनी का नेतृत्व सौंपा गया था।

हालांकि, बाद में Nvidia ने मेगास्पीड और उसकी एक सहायक कंपनी को अपनी प्रतिबंधित सूची में शामिल कर लिया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह इन संस्थाओं को चिप नहीं बेचती और अपने ओईएम साझेदारों को भी इनके लिए आपूर्ति की मंजूरी नहीं देती। वहीं, मेगास्पीड पहले अपने कारोबार को वैध और कानूनी बता चुकी है।

कंबोडिया के कथित अपराध सिंडिकेट और गेमिंग कारोबारियों के बीच क्या कनेक्शन?

जांच में चिप को चीन पहुंचाने और उनसे हुई कमाई को छिपाने के लिए कथित तौर पर एक तीसरे नेटवर्क के इस्तेमाल की बात सामने आई है। इसमें कंबोडिया स्थित प्रतिबंधित प्रिंस ग्रुप के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी बताए गए हू शियाओवेई का नाम भी शामिल है।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हू पर साइबर धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और तस्करी के नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। उन्हें इस साल की शुरुआत में जापान में गिरफ्तार किया गया था।

आरोप है कि हू हांगकांग की विमान लीजिंग कंपनियों के जरिए खरीदे गए निजी विमानों से प्रतिबंधित सामान की आवाजाही में भी शामिल थे।

कारोबारी रिकॉर्ड के मुताबिक, हू का सेंचुरी हुआतोंग से भी संबंध रहा है। वह पहले एक कंपनी में इसके चेयरमैन वांग जी के साथ निदेशक रह चुके थे। इसके अलावा उन्होंने लोकप्रिय ऑनलाइन गेम 'लेजेंड ऑफ मिर' के निजी सर्वर भी चलाए थे। बाद में वह करीब 2016 में कंबोडिया चले गए।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने बाद में पैसे और सामान को अलग-अलग देशों में पहुंचाने के लिए अवैध नेटवर्क तैयार किए। अमेरिका के चिप प्रतिबंधों से मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हुआ, जिससे कथित तस्करी में आर्थिक फायदा बढ़ गया।