Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग के कथित अफेयर से मचा हड़कंप, चीनी जासूसी के शक में एलिस हुआंग का नाम

Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग के कथित अफेयर से मचा हड़कंप, चीनी जासूसी के शक में एलिस हुआंग का नाम
हाइलाइट्स
• Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग के एलिस हुआंग से कथित रिश्तों की जांच।
• एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया तंत्र से जुड़े होने का संदेह।
• गोपनीय मेमो में Nvidia से जानकारी जुटाने की साजिश का दावा।

दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग से जुड़ा एक मामला अमेरिका में चर्चा का विषय बन गया है। कंपनी के बोर्ड ने एक चीनी बिजनेसवुमन एलिस हुआंग के साथ उनके कथित करीबी रिश्तों की जांच शुरू की है। इस मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब अमेरिकी अधिकारियों की जांच में एलिस हुआंग के चीनी खुफिया तंत्र से कथित संबंधों की बात सामने आई।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की पिछले महीने आई रिपोर्ट के अनुसार, जेन्सेन हुआंग के एलिस हुआंग के साथ संबंध थे, जिसे उन्होंने स्वीकार भी किया है। एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की पूर्व एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं। बताया गया है कि अमेरिकी अधिकारियों की जांच में उनके चीनी खुफिया तंत्र से जुड़े होने का संदेह सामने आया।

ताइपे में हुई थी दोनों की मुलाकात?

जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग की पहली मुलाकात कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जून 2024 में दोनों को ताइपे के एक बार में साथ देखा गया था।

बताया जाता है कि उस दौरान वे 'गीगाबाइट' (Gigabyte) और 'नेटथंडर' (NetThunder) के अधिकारियों के साथ ड्रिंक्स ले रहे थे। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी समय एलिस हुआंग की कंपनी 'मेगास्पीड' ने कई अरब डॉलर की कीमत वाले अत्याधुनिक AI माइक्रोचिप्स खरीदने का सौदा किया था।

मई 2025 में भी एलिस हुआंग को जेन्सेन हुआंग के पीछे खड़े देखा गया था। उस समय Nvidia CEO ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद मेगास्पीड और Nvidia के बीच हुए सौदे अमेरिकी अधिकारियों की निगरानी में आ गए।

जांच में अमेरिकी अधिकारियों के सामने यह बात आई कि मेगास्पीड की प्रमुख बीजिंग तक जानकारी पहुंचा रही थीं।

चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय से जुड़े होने का संदेह

'द टाइम्स' और 'फाइनेंशियल टाइम्स' की रिपोर्ट्स में एक गोपनीय मेमो का हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, चीन के 'मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी' यानी राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने एलिस हुआंग को काम पर रखा था।

रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें Nvidia प्रमुख से जुड़ी खुफिया जानकारी जुटाने और कंपनी पर दबाव बनाने का काम सौंपा गया था। इसका उद्देश्य Nvidia को अपने सबसे एडवांस चिप्स चीन को बेचने के लिए तैयार करना बताया गया है।

हालांकि, इस मामले में एलिस हुआंग पर लगाए गए आरोप और उनके कथित खुफिया संबंध जांच का विषय हैं।

चीन को AI चिप्स बेचने के मुद्दे पर अमेरिका में भी विवाद

Nvidia से जुड़ा यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब AI चिप्स को लेकर अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा जारी है।

AI की होड़ के बीच बाइडेन प्रशासन ने चीन को Nvidia के हाई-एंड चिप्स बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया था। डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने चीन को चिप्स निर्यात करने पर लागू कड़े नियमों का विरोध किया था।

ऐसे में एलिस हुआंग के कथित संबंधों और मेगास्पीड के साथ Nvidia के सौदों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की जांच ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है।

ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग को बताया स्मार्ट और ईमानदार

जेन्सेन हुआंग से जुड़े कथित अफेयर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपनी हैलोवीन पार्टी के दौरान इस स्थिति को "बहुत जटिल" बताया और उम्मीद जताई कि जेन्सेन हुआंग के साथ सब ठीक होगा।

ट्रंप ने Nvidia CEO को "स्मार्ट" और "अद्भुत" बताया। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि हुआंग को अपनी विदेशी यात्राओं में साथ रखना चाहिए।

जेन्सेन हुआंग राष्ट्रपति की 'विज्ञान और प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद' (Council of Advisors on Science and Technology) के सदस्य हैं। ऐसे में उनके निजी रिश्तों से जुड़ा विवाद और एलिस हुआंग पर लगे जासूसी के संदेह ने इस मामले को अमेरिकी राजनीति और टेक्नोलॉजी जगत में चर्चा का विषय बना दिया है।