ओमान के तट के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक कमर्शियल जहाज को मंगलवार को निशाना बनाया गया। इस घटना में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय नागरिक हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पनामा के झंडे वाला जहाज ‘एमटी ऑन पीस’ (आईएमओ 9893204) होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था। इसी दौरान एक प्रोजेक्टाइल जहाज पर आकर लगा। जहाज में कुल 19 सदस्यीय चालक दल था, जिनमें 17 भारतीय नागरिक शामिल थे।
ओमानी अधिकारियों ने सभी घायलों को सुरक्षित निकाला
हमले के बाद ओमानी अधिकारियों की मदद से घायल चालक दल के सभी सदस्यों को जहाज से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से ओमान के खासाब ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
भारत ने घायलों को सुरक्षित निकालने और उन्हें इलाज के लिए खासाब पहुंचाने में मदद करने के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार जताया है।
कमर्शियल जहाजों पर लगातार हमलों को लेकर भारत चिंतित
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया है। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील दोहराई है।
मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाली घटनाएं बंद होनी चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए सुरक्षित नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल करना जरूरी है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल है। इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से क्षेत्रीय सुरक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।
भारत ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नौवहन और निर्बाध वाणिज्यिक गतिविधियों को सुनिश्चित करना क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है।