पटना में तेजस्वी यादव का अनोखा प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े; CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

पटना में तेजस्वी यादव का अनोखा प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े; CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अलग अंदाज में नजर आए। बिहार विधानसभा के सामने सचिवालय थाना क्षेत्र में सुबह 9:45 बजे से भीड़ जुटने लगी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे। तेजस्वी यादव जब आगे बढ़े तो वह बैरिकेड पर ही चढ़ गए।

तेजस्वी यादव के बैरिकेड पर चढ़ने का अंदाज दिल्ली में राहुल गांधी के बैरिकेड पर चढ़ने जैसा नजर आया, हालांकि तेजस्वी उस पर चल नहीं सके।

प्रदर्शन में कई नेताओं का दिखा अलग अंदाज

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पटना में कई विधायकों और पूर्व विधायकों का अलग-अलग अंदाज देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान एक वामपंथी पूर्व विधायक मीडिया के कैमरे के सामने काफी समय तक बेसुध पड़े रहे।

पटना का यह प्रदर्शन राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर हुए प्रदर्शनों की अगली कड़ी के रूप में सामने आया।

तेजस्वी यादव ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भाजपा के दबाव में SIR के बहाने वोट चोरी की।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से वोट चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बावजूद इसे रोकने का प्रयास नहीं किया गया।

केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी

गुरुवार को पटना में प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई गई।