भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक अहम पहल हुई। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह Balen Shah) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बातचीत हुई, जिसमें आर्थिक सहयोग, बुनियादी ढांचे के विकास और सीमा पार कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान किया।
बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे थे। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज की घोषणा
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। आर्थिक सहयोग बढ़ाने, बुनियादी ढांचे के विकास और सीमा पार कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने जैसे विषय बातचीत के प्रमुख मुद्दे रहे।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, "नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भारत ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की है।"
अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ
भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया।
इस रेल सेवा से दोनों देशों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। अयोध्या और जनकपुर आने वाले श्रद्धालुओं को भी इससे सुविधा मिलेगी। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच बेहतर रेल संपर्क से पर्यटन और लोगों के आपसी जुड़ाव को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मार्च में बनी थी बालेन शाह की सरकार
नेपाल में पिछले साल सितंबर में युवा नेतृत्व वाले जेन-जी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके करीब छह महीने बाद मार्च में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बालेंद्र शाह की सरकार बनी।
सरकार के गठन के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था। इसके बाद नेपाल के नए प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे।
नेपाल के नए प्रधानमंत्रियों की परंपरा रही है कि वे अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से शुरू करते हैं। हालांकि, यह कोई अनिवार्य नियम नहीं है। साल 2024 में केपी शर्मा ओली ने इस परंपरा से अलग अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुना था।
भारत यात्रा से पहले विपक्ष ने दी थी सलाह
बालेन शाह के भारत दौरे से पहले नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने सरकार को राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने की सलाह दी थी।
पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने शनिवार को जारी बयान में कहा था कि यह यात्रा नेपाल के हितों को पूरा करने के साथ दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने का अवसर होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान पिछले समझौतों और प्रतिबद्धताओं को लागू करने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग की नींव रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की बैठक में आर्थिक पैकेज की घोषणा और सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत-नेपाल सहयोग से जुड़े प्रमुख फैसले रहे।