भूपेन हजारिका की जयंती के समापन समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी, हिमंत ने दिया न्योता

भूपेन हजारिका की जयंती के समापन समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी, हिमंत ने दिया न्योता
  • 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा समारोह
  • असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पीएम मोदी को दिया निमंत्रण
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समारोह में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार किया
  • भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्मशती पर हो रहे हैं आयोजन
  • देशभर के साथ असम के कलाकार भी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Bhupen Hazarika Birth Centenary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 नवंबर को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 22 नवंबर को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे मोदी ने स्वीकार कर लिया है। यह समारोह नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।

भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में उनके संगीत, साहित्य और सांस्कृतिक योगदान को याद किया जाएगा। असम सहित देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकार समारोह में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में भूपेन हजारिका के प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।

भूपेन हजारिका को 2019 में मिला था भारत रत्न

भूपेन हजारिका असम के महान गायक, संगीतकार, गीतकार और फिल्मकार थे। उन्हें लोकप्रिय रूप से ‘सुधाकंठ’ के नाम से जाना जाता है। उनके गीतों में मानवता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से दिखाई देता है। उनकी रचनाओं ने भाषा और भौगोलिक सीमाओं को पार कर देशभर में लोकप्रियता हासिल की।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र नदी पर बने पुल का नाम उनके सम्मान में भूपेन हजारिका सेतु रखा गया। उनकी जन्मशती के अवसर पर विशेष 100 रुपये का स्मारक सिक्का भी जारी किया गया।

उषा मंगेशकर को मिलेगा पहला राष्ट्रीय पुरस्कार

इस समारोह का एक प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर को पहला ‘भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार’ प्रदान किया जाना भी होगा। असम सरकार ने इस राष्ट्रीय पुरस्कार की शुरुआत की है। इसके तहत तीन साल में एक बार संगीत, कला या सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय हस्ती को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के साथ 10 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह सम्मान प्रदान करेंगे।

देशभर के कलाकार देंगे संगीतमय श्रद्धांजलि

29 नवंबर को होने वाले समारोह में देश के जाने-माने कलाकारों के साथ असम के कलाकार भी भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में शंकर महादेवन, श्रेया घोषाल, कविता कृष्णमूर्ति, कल्पना पटवारी और पापन जैसे कलाकारों के शामिल होने की जानकारी पहले साझा की गई है। असम के करीब एक हजार कलाकार भी इस आयोजन में हिस्सा लेकर सामूहिक संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा राज्य के संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े करीब एक हजार कॉलेज विद्यार्थियों के भी समारोह में पहुंचने की तैयारी है।