वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र आएंगे। वह दो दिनी दौरे पर 28 अप्रैल को दोपहर बाद काशी पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री बरेका BLW में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश और काशी को क़रीब छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौग़ात देंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसकी तैयारी तेज हो गई है। मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत काशी में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन यहां से प्रस्थान करेंगे।
पीएम की जनसभा को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना BLW में तैयारियां तेज हो गई हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर CP मोहित अग्रवाल ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन व भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनज़र जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के साथ कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने BLW परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल (सभा स्थल) सभी गेट (आवागमन मार्ग) पार्किंग स्थल, हैलीपैड मैदान, गेस्ट हाउस व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उतरने के बाद हेलीकाप्टर से BLW ग्राडंड पहुंचेंगे।
दूसरी तरफ जिला प्रशासन की ओर से लोकार्पण व शिलान्यास की सूची को फाइनल रूप दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीएम 2460 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले सिग्नेचर ब्रिज के शिलान्यास के साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, पुलिसिंग व्यवस्था समेत लगभग 6000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। हालांकि आधिकारिक तौर पर सूची एक दो दिन बाद ही फाइनल होगी।
पीएमओ ने की आनलाइन समीक्षा
पीएम की उच्चस्तरीय टीम इस दौरे के लिहाज़ से ऑनलाइन समीक्षा कर रही है। टीम ने दूसरे दिन भी काशी के समग्र विकास की स्थिति की जानकारी को लेकर आनलाइन समीक्षा की। आला अधिकारियों ने प्रजेंटेशन दिया। उच्चस्तरीय टीम ने जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की भी जानकारी ली।
लोकार्पण-शिलान्यास
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में 17 हजार 862 करोड़ लागत की 127 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें से कई जमीन पर आकार ले चुकी हैं। प्रधानमंत्री अपनी काशी में कई परियोजनाएं जनता के हवाले कर सकते हैं। इसमें कज्जाकपुरा आरओबी का औपचारिक लोकार्पण भी शामिल होगा। कादीपुर में रेल ओवर ब्रिज, चंद्रावती में विकास कार्य, यूपी कालेज में एस्ट्रो टर्फ, भगवानपुर में 55 एमएलडी का एसटीपी, काली मंदिर पांडेयपुर से आजमगढ़ संपर्क मार्ग चौड़ीकरण, बीएचयू में सीसीयू, रामनगर में वृद्धा आश्रम आदि तैयार है। इसी प्रकार शिलान्यास मेंसर्वाधिक महत्वपूर्ण 97 करोड़ से नगर निगम का बहुप्रतिक्षित भवन, लोहता में 274.31 करोड़ रुपये की लागत से 60 एमएलडी के एसटीपी, 18 वार्डों में 259 करोड़ से सीवर व पेयजल परियोजना, सिगरा पर पार्किग कांप्लेक्स शामिल हो सकते हैं।