- पीएम मोदी ने पोप लियो XIV की सफल सर्जरी पर खुशी जताई
- प्रधानमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
- पोप ने फेफड़े में छोटे नोड्यूल की जानकारी साझा की
- चिकित्सकों की सलाह पर नोड्यूल हटाने के लिए सर्जरी का फैसला
|
Pope Leo XIV Surgery: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप लियो XIV की सर्जरी सफल होने पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने पोप के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने के साथ-साथ उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि पोप लियो XIV की पिछली रात हुई सर्जरी सफल रही। उन्होंने पोप के शीघ्र स्वस्थ होने और आगे भी अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
पोप ने फेफड़े में नोड्यूल मिलने की दी थी जानकारी
पोप लियो XIV ने अपने एक संदेश में बताया था कि हाल में कराई गई कुछ चिकित्सकीय जांचों के दौरान उनके फेफड़े में एक छोटा और सीमित नोड्यूल पाया गया। उनके अनुसार, इसका पता बीमारी के शुरुआती चरण में ही चल गया था और यह एक सीमित क्षेत्र में मौजूद था।
पोप ने बताया था कि चिकित्सकों का मानना था कि इसे हटाने के लिए सर्जरी कराना उचित होगा। डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्होंने ऑपरेशन कराने का फैसला किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि सर्जरी आने वाले दिनों में निर्धारित की गई है।
पोप ने लोगों से प्रार्थनाओं की अपील की थी
पोप लियो XIV ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करते हुए लोगों की आध्यात्मिक निकटता और प्रार्थनाओं के लिए आभार जताया था। उन्होंने कहा था कि वह स्वयं को लोगों की प्रार्थनाओं के भरोसे सौंपते हैं।
अब सर्जरी सफल होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पीएम मोदी का संदेश पोप के स्वास्थ्य को लेकर शुभकामनाओं के रूप में सामने आया है।