इस देश पहली बार पहुंचा कोई भारतीय राष्ट्रपति

इस देश पहली बार पहुंचा कोई भारतीय राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की अपनी राजकीय यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंचीं। किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की यह पहली यात्रा है।

इस राजकीय यात्रा पर राष्ट्रपति के साथ निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री, डॉ. दिनेश शर्मा, राज्‍य सभा सांसद और  विजय बघेल, लोकसभा सांसद भी गए हैं।

चिशिनाउ अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने पर, राष्ट्रपति का स्वागत मोल्दोवा गणराज्य के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मिहाई पॉपसोई ने किया।

बाद में, राष्ट्रपति प्रेसिडेंशियल पैलेस गईं। वहां मोल्दोवा गणराज्य की राष्ट्रपति माया सैंडू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

आमने-सामने की बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी के सभी पहलुओं पर सार्थक और भविष्योन्मुखी चर्चा की।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली राजकीय यात्रा है। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, और हमारे दोनों देशों के बीच बढ़ती मित्रता और आपसी विश्वास को दर्शाती है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने मोल्दोवा की राष्‍ट्रपति माया सैंडू के साथ मोल्दोवा के चिशिनाउ में भारत-मोल्दोवा बिज़नेस फोरम को भी संबोधित किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और मोल्दोवा के बीच वर्ष 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। हमारे संबंध परस्‍पर सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांति, विकास एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति साझी प्रतिबद्धता पर आधारित है।

राष्ट्रपति ने कहा कि 2047 तक विकसित राष्ट्र  बनने के संकल्प की ओर अग्रसर, भारत ऐसी साझेदारियों को आगे बढ़ाना चाहता है, जो विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित हों। भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। यह प्रगति उद्यमिता, डिजिटल परिवर्तन, विनिर्माण क्षेत्र की उत्कृष्टता तथा युवा और कुशल कार्यबल की शक्ति से संभव हुई है। दूसरी ओर, मोल्दोवा का सुधारोन्मुख दृष्टिकोण, महत्‍वपूर्ण भौगोलिक स्थिति, प्रतिभाशाली मानव संसाधन तथा यूरोपीय बाज़ारों के साथ बढ़ता एकीकरण उसे भारतीय बिजनेस संस्‍थाओं के लिए एक महत्त्वपूर्ण गंतव्य स्‍थान बनाता है।