लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर ऑनलाइन ट्रोलिंग को लेकर तीखा हमला बोला है। अपनी मां सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में माता-पिता के रिश्ते पर की गई टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया। इसके जवाब में राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के बीच डर, गुस्से और नफरत का माहौल होने की बात कही।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि इन भावनाओं का ऐसा जाल बुना गया है, जो लोगों को प्यार महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है। उन्होंने इसे बदलना अपना कर्तव्य बताते हुए समर्थकों से प्रेम और अपनत्व का अनुभव करने की बात भी कही।
राहुल गांधी ने एक्स पर क्या लिखा?
राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भाजपा और आरएसएस के समर्थकों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, 'भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का एक ऐसा जाल बुना हुआ है, जो उन्हें प्यार को महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।'
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी ने खुद को सच्चा हिंदू बताते हुए कहा, 'एक सच्चे हिंदू के रूप में, मेरा यह कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।'
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में क्या हुआ था?
राहुल गांधी की ये टिप्पणियां नई दिल्ली में आयोजित उनकी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के आधिकारिक विमोचन कार्यक्रम के बाद सामने आईं। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बीच के रिश्ते और परिवार पर आए मुश्किल दौर को याद किया था।
सोमवार को अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार को मिले गहरे सदमे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां को राजीव गांधी की मौत के समय की घटनाएं याद नहीं हैं।
राहुल गांधी ने कहा, 'अचानक, हमने अपनी मुख्य आधार (इंदिरा गांधी) को गोली खाते देखा, और फिर हमने अपने सबसे बड़े आधार (राजीव गांधी) को चिथड़े-चिथड़े होते देखा। मेरी मां के साथ अक्सर इस बात पर बहस होती है। उनकी याददाश्त बहुत तेज है। वह कभी कुछ नहीं भूलतीं, सिवाय एक चीज के। अगर आप उनसे पूछें, 'पापा की मौत के समय क्या हुआ था?' तो उन्हें कुछ भी याद नहीं आता। किताब में आपने जो पढ़ा है, उसे मेरी बहन और उन्होंने मिलकर एक साथ जोड़ा है। यह खूबसूरत जिंदगी, उनका यह खूबसूरत प्यार, सब एक ही दिन में खत्म हो गया,'
'बिलॉन्गिंग' किताब के नाम का बताया भावनात्मक अर्थ
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने संस्मरण के शीर्षक 'बिलॉन्गिंग' का भावनात्मक अर्थ भी समझाया। उन्होंने कहा कि उनकी मां और पिता एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए थे। राजीव गांधी के जाने के बाद सोनिया गांधी को एक नया सफर शुरू करना पड़ा।
राहुल गांधी ने कहा, 'यह उनके लिए बहुत डरावना दौर था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है। इसलिए, 'बिलॉन्गिंग' नाम की इस किताब का मतलब है कि वह मेरे पिता से जुड़ी थीं, और मेरे पिता उनसे जुड़े थे। फिर मेरे पिता गायब हो गए, और उन्होंने एक नया सफर शुरू किया। एक अलग तरह की मां। वह हंसमुख मां, वह मुस्कुराती हुई मां, कहीं खो गई। एक नई मां सामने आई।'