नाडियडवाला के बेटे सुभान के बॉलीवुड डेब्यू से पहले सलमान खान की खास सलाह, बोले- 'न उड़ो, न डिप्रेस्ड हो'

नाडियडवाला के बेटे सुभान के बॉलीवुड डेब्यू से पहले सलमान खान की खास सलाह, बोले- 'न उड़ो, न डिप्रेस्ड हो'
हाइलाइट्स
• साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान करेंगे बॉलीवुड डेब्यू।
• सलमान खान ने दी सलाह- न ज्यादा उड़ो, न निराश हो।
• 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' 9 जुलाई 2027 को होगी रिलीज।

साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान नाडियाडवाला जल्द ही फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' का फर्स्ट लुक बुधवार को जारी किया गया। इस मौके पर सलमान खान ने सुभान और उनकी को-स्टार आयरा बोस रॉय को नई शुरुआत के लिए बधाई दी। साथ ही सुभान को जिंदगी से जुड़ी एक खास सलाह भी दी। सलमान ने उन्हें भविष्य की ज्यादा चिंता करने के बजाय वर्तमान में जीने की बात कही।

सलमान खान का यह संदेश दोस्ताना अंदाज में था। उन्होंने सुभान को समझाया कि आने वाले समय को लेकर न जरूरत से ज्यादा उत्साहित होना चाहिए और न ही निराश।

शादी की सालगिरह पर सलमान ने परिवारों को दी बधाई

सलमान खान की पोस्ट का एक खास मौका उनके परिवार और करीबी लोगों की शादी की सालगिरह भी थी। 18 नवंबर को उनके माता-पिता सलीम खान और सलमा खान की वेडिंग एनिवर्सरी थी। इसी दिन उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के साथ-साथ फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला और वर्धा खान नाडियाडवाला की भी शादी की सालगिरह थी।

सलमान ने सभी को बधाई देते हुए उनके लंबे साथ की तारीफ की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि मम्मी-पापा, अर्पिता, आयुष, साजिद और वर्धा को शादी की सालगिरह की बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी ने प्यार और स्नेह के साथ कई साल बिताए हैं, इस दौरान लड़ाइयां और बहस भी हुई होंगी।

इसके बाद सलमान ने सुभान को उनकी फिल्म के फर्स्ट लुक के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सलाह दी कि भविष्य को लेकर बहुत ज्यादा ऊंचा उड़ने या निराश होने के बजाय मौजूदा पल पर ध्यान देना चाहिए।

कौन हैं सुभान नाडियाडवाला?

सुभान नाडियाडवाला फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला और वर्धा खान नाडियाडवाला के बड़े बेटे हैं। उनका संबंध बॉलीवुड के चर्चित फिल्मी परिवार से है। उनके पिता साजिद नाडियाडवाला हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्माता हैं और नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले कई लोकप्रिय फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।

सलमान खान और नाडियाडवाला परिवार के बीच भी लंबे समय से करीबी रिश्ता रहा है। सुभान के छोटे भाई सुफियान नाडियाडवाला भी चर्चा में रह चुके हैं। उनकी शक्ल-सूरत की तुलना कई बार सलमान खान से की गई है।

आयरा बोस रॉय भी करेंगी एक्टिंग डेब्यू

'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' में सुभान के साथ आयरा बोस रॉय मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। आयरा भी मनोरंजन जगत से जुड़े परिवार से आती हैं। वह अभिनेता रोहित बोस रॉय और अभिनेत्री मानसी जोशी रॉय की बेटी हैं। अभिनेता रोनित रॉय उनके चाचा हैं।

पढ़ाई पूरी करने के बाद आयरा अब अभिनय की दुनिया में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं। यह फिल्म उनके करियर की पहली फिल्म होगी।

9 जुलाई 2027 को रिलीज होगी फिल्म

'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' एक रोमांटिक फिल्म है, जिसमें सुभान नाडियाडवाला और आयरा बोस रॉय पहली बार मुख्य जोड़ी के तौर पर दिखाई देंगे। फिल्म का फर्स्ट-लुक टीजर जारी हो चुका है, हालांकि इसकी कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट 9 जुलाई 2027 तय की है। अब सुभान और आयरा की इस नई शुरुआत पर दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार रहेगा।