संजय दत्त ने भारत में शांति को लेकर कही बड़ी बात, PM बनकर ‘गांधीगिरी’ का दिया संदेश

संजय दत्त ने भारत में शांति को लेकर कही बड़ी बात, PM बनकर ‘गांधीगिरी’ का दिया संदेश
हाइलाइट :
• संजय दत्त बोले- भारत में अब शांति महसूस नहीं होती
• शेखर सुमन के शो में बने पांच मिनट के PM
• गांधी जी के तीन बंदरों पर की मजेदार बात
• संजय ने ट्रंप को गांधीगिरी सिखाने की बात कही
• ‘जादू की झप्पी’ वाला अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल

Sanjay Dutt Statement: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने भारत में शांति को लेकर अपनी बात रखी। शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में पहुंचे संजय दत्त ने कहा कि उन्हें अब देश में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। गांधी जयंती स्पेशल एपिसोड में उन्होंने अपने ‘मुन्ना भाई’ वाले अंदाज में कई मुद्दों पर बात की।

शो के दौरान संजय दत्त से पांच मिनट के लिए खुद को भारत का प्रधानमंत्री मानकर देश के नाम भाषण देने को कहा गया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए एक व्यंग्यात्मक भाषण दिया।

संजय दत्त बोले- भारत में अब शांति महसूस नहीं होती

मॉक PM स्पीच से पहले संजय दत्त ने भारत को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए। मुझे अब हमारे देश में वह शांति महसूस नहीं होती।’

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज लोग हैं और देश ने बहुत कुछ दिया है। संजय दत्त ने कहा, ‘मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वे दिन जल्द वापस आएं।’

पांच मिनट के PM बने तो क्या बोले संजय दत्त?

इसके बाद संजय दत्त से पूछा गया कि अगर उन्हें पांच मिनट के लिए प्रधानमंत्री बनाया जाए तो वह देशवासियों से क्या कहेंगे। इस पर उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा, ‘चलो, देश में कुछ तो हो रहा है। मेरे प्यारे देशवासियों, आज मैं आपका PM बनकर बहुत खुश हूं।’

उन्होंने कहा कि इतने बड़े देश और इतने लोगों की जिम्मेदारी अब उनके ऊपर है। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं को लेकर भी मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी।

संजय ने कहा, ‘मैं इस खुशी को सेलिब्रेट करने विदेश नहीं जा रहा हूं। मैं यहीं रहूंगा, आप सभी लोगों के बीच। वरना PM और जनता के बीच कनेक्शन कैसे बनेगा?’

गांधी जी के तीन बंदरों पर संजय दत्त की ‘चौथे बंदर’ वाली बात

संजय दत्त ने अपने भाषण में महात्मा गांधी के तीन बंदरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘अपुन गांधी जी को बहुत मानता है और गांधी जी के तीन बंदर सबको पता है - बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो।’

इसके बाद उन्होंने कहा कि आज एक चौथे बंदर की जरूरत है और सवाल उठाया कि अगर बुरा देखा जाएगा तो उसे ठीक कौन करेगा।

उन्होंने आगे कहा, ‘तीनों बंदर आंख, कान, मुंह बंद करके बैठ जाएगा तो देश कैसे चलेगा, साला?’

देश के फ्रेम में गांधी जी का फोटो लगाने की बात

संजय दत्त ने अपनी काल्पनिक PM स्पीच में तस्वीरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां उनका फोटो लगा है, वहां एक दिन गांधी जी का फोटो लगाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘देश को देश का फोटो देखना चाहिए।’ संजय ने गांधी जी के विचारों को अपनी तस्वीर से ज्यादा जरूरी बताते हुए कहा कि उनकी फोटो देखकर जनता क्या करेगी। उन्होंने आगे कहा, ‘अपनी फोटो तो मैं बाद में भी खिंचवा सकता हूं, लेकिन देश को पहले फ्रेम में लाना जरूरी है।’

ट्रंप को ‘गांधीगिरी’ सिखाने की बात

संजय दत्त ने अपनी स्पीच में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दुनिया को भी फ्रेम में लाना पड़ेगा और ट्रंप ‘पूरी दुनिया को फ्रेम से बाहर करने लगे हैं।’

इसके बाद उन्होंने कहा, ‘शांति बंटता है प्यार से और प्यार आता है गांधीगिरी से।’ उन्होंने ट्रंप को मिसाइलों की जगह प्यार का संदेश देने की बात कही और मजाक में कहा कि किसी को धमकी देने के बजाय फोन कर घर बुलाकर चाय पर बात करनी चाहिए।

आखिर में संजय दत्त ने ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में कहा, ‘अपुन आ रेला है अमेरिका, तुमको जादू की झप्पी दें।’

संजय दत्त का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।