हाइलाइट :
• संजय दत्त बोले- ‘जो कुछ कहा, वो स्क्रिप्टेड था’
• कहा- ये उनके निजी विचार या भावनाएं नहीं थीं
• ‘एक्स’ पर भी एक दिन पहले दे चुके थे सफाई
• शेखर सुमन ने भी संजय दत्त का बचाव किया था
अभिनेता संजय दत्त ने ‘शेखर सुमन के शो’ में दिए अपने बयान को लेकर एक बार फिर सफाई दी है। भारत में शांति को लेकर उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी। अब एक नए वीडियो में संजय दत्त ने कहा कि शो में उन्होंने जो बातें कहीं, वे उनके निजी विचार या भावनाएं नहीं थीं, बल्कि एक स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा थीं।
उन्होंने बताया कि वह शो में तय स्क्रिप्ट के मुताबिक एक्ट कर रहे थे। अपनी सफाई के अंत में संजय दत्त ने हाथ जोड़कर ‘जय हिंद, जय भारत’ कहा।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया के बाद दी सफाई
संजय दत्त ने वीडियो की शुरुआत में बताया कि ‘शेखर सुमन के शो’ में कही गई कुछ बातों को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए उनसे संपर्क किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी बातों से हैरान थे, जबकि कई लोगों ने अपनी असहमति भी जताई।
एक्टर ने कहा कि वह लोगों की भावनाओं को समझते हैं और इसी वजह से उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करने का फैसला किया।
‘जो कुछ कहा, वो स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा था’
अपने वीडियो में संजय दत्त ने कहा कि शो में कही गई बातें एक स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा थीं। उनके मुताबिक, इस तरह के शो में अक्सर कलाकार स्क्रिप्ट के मुताबिक एक्ट करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उस दौरान कही गई बातें किसी भी तरह से उनके निजी विचार या भावनाएं नहीं थीं। संजय दत्त ने यह भी कहा कि वह अपने फैंस के विश्वास और प्यार की कद्र करते हैं और नहीं चाहते कि किसी स्क्रिप्टेड परफॉर्मेंस के कारण उनकी वास्तविक सोच को लेकर गलतफहमी हो।
एक दिन पहले ‘एक्स’ पर भी दी थी सफाई
नए वीडियो से एक दिन पहले संजय दत्त ने ‘एक्स’ पर भी इस मामले को लेकर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि उनका कॉमेंट हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में लिखी गई स्क्रिप्ट का हिस्सा था।
उन्होंने कहा था कि इसका उद्देश्य उनकी फिल्म ‘मुन्ना भाई’ के लोकप्रिय विचार ‘गांधीगिरी’ की तरह प्यार, सद्भावना और एकजुटता का संदेश देना था। संजय दत्त के मुताबिक, उनके शब्दों को सही संदर्भ से बाहर निकालकर देखा और समझा गया।
शेखर सुमन ने भी किया था संजय दत्त का बचाव
विवाद सामने आने के बाद शो के होस्ट शेखर सुमन ने भी संजय दत्त के बयान का बचाव किया था। उन्होंने एक्टर की बातों को संदर्भ के साथ देखने की बात कही थी और कहा था कि संजय के मन में अपने देश और लोगों के लिए सम्मान है।
अब संजय दत्त की दूसरी सफाई के बाद यह मामला फिर चर्चा में है। उन्होंने साफ किया है कि शो के उस हिस्से में कही गई बातों को उनके व्यक्तिगत विचारों के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
क्या था संजय दत्त के बयान से जुड़ा पूरा विवाद?
संजय दत्त गांधी जयंती के मौके पर शेखर सुमन के शो ‘शेखर टॉनाइट’ में शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था, ‘इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं. यहां शांति होनी चाहिए. लेकिन मुझे अपने देश में अब वह शांति महसूस नहीं होती. हम भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज लोग हैं. मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वे दिन जल्द वापस आएं.’
इसी शो में उन्होंने अपने मशहूर ‘मुन्ना भाई’ अंदाज में यह भी कल्पना की थी कि अगर वह 5 मिनट के लिए देश के प्रधानमंत्री बन जाएं तो क्या करेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी के तीन बंदरों का जिक्र करते हुए कहा था कि आज समाज में एक चौथे बंदर की भी जरूरत है, जो गलत होते देखकर उसे ठीक करने की पहल करे।